94 लाख से अधिक खातों में भेजी गई 1100 रूपये की राशि,मुख्यमंत्री सम्राट ने वृद्धों को दिया तोहफा

बिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर है. प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज (बुधवार) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली स्थित बिहार भवन से 94 लाख से अधिक के सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारी के खाते में ₹1100 प्रति माह की दर से 1100 करोड़ रुपए की राशि सीधे अकाउंट में डीबीटी कर दिया है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर 94 लाख से अधिक लाभुकों को यह राशि सीधे उनके अकाउंट में भेजी है. सम्राट चौधरी ने कहा कि आगे हर महीने 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के खाते में हस्तांतरित की जाएगी.दरअसल, 2025 में विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि ₹400 से बढ़कर ₹1100 कर दी थी.

नीतीश कुमार ने ही तय किया था कि हर महीने 10 तारीख को पेंशनधारियों के खाते में राशि भेजी जाएगी लेकिन पिछले कुछ महीनो से लगातार इसमें विलंब हुआ है. अब सम्राट चौधरी ने भी समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 10 तारीख को ही राशि हस्तांतरित कर दिया जाए.यहां यह बताना भी जरूरी है कि बिहार सरकार की ओर से 6 सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि दी जाती है. जिसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और बिहार विकलांग पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना शामिल है.सोमवार को सम्राट चौधरी की सरकार ने 6 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए 3662 करोड़ रुपए की अग्रिम स्वीकृत दी थी. मई, जून और जुलाई के पेंशन के लिए राशि की स्वीकृति दी गई थी. आज सम्राट चौधरी ने मई महीने की राशि जारी की है. बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की संख्या 1 करोड़ 19 लाख के आसपास है. आज 94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में राशि दी गई है.

Exit mobile version