Blog

बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे पीएम मोदी,ये राज्य हुए हैं सबसे अधिक प्रभावित

बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे पीएम मोदी,ये राज्य हुए हैं सबसे अधिक प्रभावित
  • PublishedSeptember 6, 2025

देश के कई राज्यों में बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर हालात का जायजा लेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी है। भारी बारिश से उत्तर भारत के कई राज्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। भारी बारिश और बाढ़ से सड़कों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है, साथ ही जनहानि भी हुई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्य सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि मोदी इनमें से कुछ क्षेत्रों का दौरा करेंगे और हालात का जायजा लेंगे। उनका दौरा ऐसे वक्त हो रहा है जब कुछ राज्य सरकारों ने संकट से निपटने के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता की मांग की है।

इससे पहले बृहस्पितवार को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के अमृतसर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अमृतसर में उन्होंने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का आकलन करने के लिए दो केंद्रीय दल भी पंजाब का दौरा कर रहे हैं और वे केंद्र को एक रिपोर्ट सौंपेंगे। अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौहान ने कहा कि देश और मानवता की सेवा में पंजाबी हमेशा सबसे आगे रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज पंजाब बाढ़ के कारण मुश्किल दौर से गुज़र रहा है और कई गांव प्रभावित हैं, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खेत जलमग्न हो गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों के साथ पूरी तरह खड़ा है। चौहान ने कहा, ‘‘मुझे प्रधानमंत्री ने पंजाब भेजा है। हम हालात का जायज़ा लेंगे और लोगों से बात करेंगे।’’ पंजाब में बाढ़ से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है और 3.55 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ में 1.75 लाख हेक्टेयर से ज़्यादा क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *