Blog

माघ मेला में अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में लगाई डुबकी,टूट गया महाकुंभ का रिकॉर्ड

माघ मेला में अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में लगाई डुबकी,टूट गया महाकुंभ का रिकॉर्ड
  • PublishedJanuary 24, 2026

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना के महापर्व बसंत पंचमी पर त्रिवेणी में पुण्य स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. त्रिवेणी के तट पर लगे माघ मेले का बसंत पंचमी स्नान पर्व सकुशल संपन्न हो गया. इस दौरान करीब 3.56 करोड़ से ज्यादा लोगों ने पुण्य की डुबकी लगाई.माघ मेला अधिकारी ऋषिराज का कहना है कि बसंत पंचमी में पुण्य स्नान के इस आंकड़े ने महाकुंभ 2025 की श्रद्धालुओं की संख्या को भी पीछे छोड़ दिया है. ऋषिराज का कहना है कि माघ मेला 2026 में अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं. संगम के घाटों पर उमड़ी आस्था की इस लहर से सरकार एवं प्रशासन की अभूतपूर्व व्यवस्था का पता चलता है. वहीं माघ मेले के बसंत पंचमी स्नान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संगम में स्नान करने वाले सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी है.माघ मेला के इस पर्व पर कल्पवासियों सहित मेला क्षेत्र में साधना रत सभी प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने पुण्य की डुबकी लगाई.

पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती अपने शिष्यों के साथ त्रिवेणी तट पर पहुंचे. प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान से पैदल चलकर संगम नोज पहुंचे शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने पूरी सादगी और आस्था के साथ पुण्य स्नान किया.माघ मेला अधिकारी ऋषिराज का कहना है कि सभी दंडी स्वामी संतो, रामानंदी और रामानुजाचारी संतों ने भी बसंत पंचमी में गंगा और त्रिवेणी में पुण्य डुबकी लगाई. इसके अलावा किन्नर अखाड़े के सदस्य भी पूरे उत्साह और भक्ति के साथ संगम तट पहुंचे और बसंत पंचमी का पुण्य स्नान किया. इसके अलावा देशभर के अलग-अलग स्थानों से आए भक्तों ने भी स्नान किया है.माघ मेले के बसंत पंचमी स्नान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बधाई दी है. सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि वसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई। पावन संगम में ‘आस्था की डुबकी’ सभी के लिए शुभ-फलदायी हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, मां गंगा से यही प्रार्थना है.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *