Blog

आप हमें वोट दिजिए,हम आपको TMC से आजादी दिलाएंगे-ममता के गढ़ में गरजे पीएम मोदी

आप हमें वोट दिजिए,हम आपको TMC से आजादी दिलाएंगे-ममता के गढ़ में  गरजे पीएम मोदी
  • PublishedApril 26, 2026

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के बनगांव में जनसभा को संबोधित किया है। उन्होंने इस दौरान कहा कि आज, बनगांव से, मैं घुसपैठियों को कड़ी चेतावनी देना चाहता हूं। जो भी अवैध रूप से बंगाल में दाखिल हुआ है, या जो जाली दस्तावेजों के साथ यहां रह रहा है, उसे 29 अप्रैल से पहले बंगाल और भारत छोड़ देना चाहिए। अन्यथा, 4 मई के बाद, हर घुसपैठिए को बाहर निकाल दिया जाएगा। टीएमसी अब किसी भी घुसपैठिए को संरक्षण नहीं दे पाएगी।पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए सभी राजनीतिक दल प्रचार में जुटे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने आज राज्य बनगांव में एक जनसभा को संबोधित किया है। पीएम मोदी ने इस दौरान राज्य की सत्ता धारी दल तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने आगे कहा, ‘बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले टीएमसी मां, माटी, मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुंह से मां, माटी, मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? ये टीएमसी वाले अगर मां, माटी, मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। टीएमसी की निर्ममता ने मां को रुलादिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि बंगाल के पास सब कुछ है। बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भरपूर है, इसलिए बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है। हमें बस नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान को याद रखना है। नेताजी ने कहा था, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। नेताजी के इस आह्वान पर देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है। आप हमें अपना आशीर्वाद दीजिए, अपना वोट दीजिए, हम आपको टीएमसी से आजादी दिलाएंगे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, आजादी, टीएमसी के महाजंगलराज से, आजादी, टीएमसी केभय से, आजादी, टीएमसी के भ्रष्टाचार से, आजादी, बेटियों पर अत्याचार से, आजादी, बेकारी और बेरोजगारी से, आजादी, लुटती भर्ती परीक्षाओं से, आजादी, घुसपैठियों के कब्जे से, आजादी, गुंडों और मस्तानों से।पीएम मोदी ने सत्ता धारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें और बेटियां हैं। बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। टीएमसी की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां बहनों को ही गाली दी गई। बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भी भूलना नहीं है।प्रधानमंत्री ने इस दौरान भाजपा की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा- भाजपा सरकार में यहां बंगाल की बहनों को अपनी बीमारी का इलाज टालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी सरकार आपको पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देगी। जन औषधि केंद्र पर 80 प्रतिशत डिस्काउंट पर दवा दी जाएगी। ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच और टीका मुफ्त लगाया जाएगा। साथ ही गर्भावस्था के दौरान ₹21,000 और ग्रेजुएशन के लिए बेटियों को ₹50,000 की मदद भाजपा सरकार देने वाली है। यानी बेटियों की पढ़ाई और दवाई, इसकी चिंता भाजपा सरकार करेगी। बंगाल की भाजपा सरकार हर साल ₹36,000 बहनों के खाते में जमा करेगी।

आंगनवाड़ी हो, अन्य महिला हेल्थ वर्कर हो, उनके वेतन को लेकर बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है। बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण का भरोसा दिया है। यानी भाजपा की डबल इंजन सरकार से बंगाल की बहनों और बेटियों को डबल फायदा होगा।जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- जैसे गंगाजी का उद्गम स्थल गंगोत्री है, वैसे ही भाजपा का उद्गम जनसंघ है और जनसंघ का उद्गम बंगाल से हुआ है। पहले लोकसभा चुनाव में बंगाल ने जनसंघ का खाता खोला था। तब कोलकाता से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जीते थे। मैं मतुआ-नामशूद्र और अन्य सभी शरणार्थी परिवारों से कहूंगा… आपको नागरिकता भी मिलेगी, आपको पक्का पता मिलेगा, आपको हर वो कागज मिलेगा, हर वो हक मिलेगा, जो किसी भी भारतवासी को मिलता है। ये मोदी की गारंटी है।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *