बिहार में युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के दरवाजे,उद्योगों की होने वाली है बंपर एंट्री!
बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (पीसीसी) की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आईडा, कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बार की बैठक में समिति द्वारा 20 परियोजनाओं को लगभग 30 एकड़ भूमि आवंटित की गई।प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग ₹350 करोड़ के निवेश का अनुमान है, जिससे करीब 2300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में स्वीकृत हो रही नई औद्योगिक परियोजनाएँ बिहार के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं कौशल आधारित अवसर सृजित होंगे। बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करते हुए राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समिति द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, सॉफ्टवेयर विकास, पूर्व-निर्मित भवन संरचना निर्माण, फर्नीचर निर्माण, पीवीसी एवं यूपीवीसी पाइप निर्माण, संपीड़ित जैव गैस, स्वास्थ्य सेवाएँ तथा सामान्य विनिर्माण जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में औद्योगिक आधार को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।प्रमुख स्वीकृत इकाइयों में भारत जीपीएस बायोएनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, क्रिस्पानो फूड्स एंड बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड, एसपी इंस्टीट्यूट ऑफ वर्कफोर्स डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड, एक्सपीरिया प्रीफैक्सो प्राइवेट लिमिटेड, रायुष हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड तथा मखायो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियाँ शामिल हैं। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।