पाकिस्तान को अफगानिस्तान ने दिया करारा जवाब,कर दी भयंकर एयरस्ट्राइक
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसकी एयरफोर्स ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर ISIS (इस्लामिक स्टेट) के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. यह हमला पाकिस्तान की ओर से दो दिन पहले किए गए एयरस्ट्राइक के जवाब में हुआ है. तालिबान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह कार्रवाई पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में की गई. तालिबान का कहना है कि इन ठिकानों से अफगानिस्तान में आम लोगों पर आतंकी हमलों की योजना बनाई जा रही थी.तालिबान सरकार के मुताबिक, यह हमला पूरी सटीकता के साथ किया गया. इसमें कई ISIS लड़ाके मारे गए और उनके ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा. तालिबान का दावा है कि इस कार्रवाई में किसी भी आम नागरिक की जान नहीं गई. काबुल ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अफगानिस्तान की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी ठिकाने पर हमला किया जाएगा.पाकिस्तान ने भी कहा कि उसकी एयर डिफेंस ने बलूचिस्तान में भेजे गए चार अफगानी ड्रोन हवा में ही मार गिराए. पाकिस्तान आर्मी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सभी ड्रोन का समय रहते पता लगा लिया और आधुनिक तकनीक से उन्हें नष्ट कर दिया. साथ ही कहा कि तालिबान की ऐसी गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाई से अफगानिस्तान के लोगों की मुश्किलें और बढ़ेंगी.पाकिस्तान ने रविवार को अफगानिस्तान सीमा के पास कई जगहों पर हवाई हमले किए थे.

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) के मुताबिक इन हमलों में कम से कम 28 नागरिक मारे गए और 49 लोग घायल हुए. हालांकि अफगानिस्तान का दावा है कि पाकिस्तान के हमले रिहायशी इलाकों पर हुए. काबुल के अनुसार इन हमलों में 36 लोगों की मौत हुई और 160 से ज्यादा लोग घायल हुए.तालिबान ने पाकिस्तान की कार्रवाई को कायराना हमला बताया. वहीं पाकिस्तान का कहना है कि उसने केवल आतंकियों को निशाना बनाया, आम नागरिकों को नहीं. दोनों देशों के बीच यह तनाव ऐसे समय बढ़ा है, जब पिछले साल अक्टूबर में कई हफ्तों तक चली हिंसा के बाद दोनों ने सीजफायर पर सहमति जताई थी.इससे पहले 16 मार्च को पाकिस्तान ने पूर्वी काबुल में ओमिद ड्रग रिहैबिलिटेशन सेंटर पर भी हवाई हमला किया था. यह 2,000 बेड वाला सेंटर था. अफगानिस्तान की हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, हमले में 408 लोगों की मौत और 265 लोग घायल हुए थे. इनमें ज्यादातर इलाज करा रहे मरीज थे. पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान उसकी सीमा में हमले करने वाले आतंकियों को पनाह देता है. हालांकि तालिबान सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है.