इंडिया गठबंधन से रिश्ता तोड़ेगी कांग्रेस?महाराष्ट्र में अकेले लड़ेगी चुनाव!

महाराष्ट्र की राजनीति में बीते कई साल से लगातार नए बदलाव देखने को मिलते रहते हैं। इस बात का अंदाजा लगाना काफी मुश्किल रहता है कि कौन सा दल कब किसके साथ जा सकता है। अब बड़ी खबर सामने आई है कि मुंबई में महाविकास अघाड़ी टूट सकती है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस आगामी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने पर विचार कर रही है। आइए जानते हैं कि कांग्रेस ये कदम क्यों उठाने जा रही है।

दरअसल, शिवसेना यूबीटी पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे लगातार राज ठाकरे की MNS के साथ गठबंधन करने के संकेत दे रहें हैं। उद्धव और राज ठाकरे की बढ़ती नजदीकी के बाद अब कांग्रेस अलर्ट हो गई है। इसलिए अब कांग्रेस आगामी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने पर विचार कर रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुंबई में महाविकास अघाड़ी टूट सकती है।बीएमसी चुनाव में अकेले उतरने को लेकर इस संदर्भ में मुंबई कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं से फीडबैक लिया गया है। ज्यादातर नेताओं का मानना है कि ठाकरे के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने पर पार्टी को बहुत नुकसान होगा। मुंबई में पार्टी का वजूद बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहिए। 7 जुलाई तक संभवत: मुंबई कांग्रेस अकेले लड़ने पर फैसला ले सकती है।जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक स्थानीय निकाय चुनाव होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राज्य में स्थानीय निकाय में 29 नगर निगम, 248 नगर परिषद, 42 नगर पंचायत, 32 जिला परिषद और 336 पंचायत समितियां शामिल हैं। इनमें से बृहन्मुंबई नगर निगम यानी कि BMC के चुनाव 227 सीटों के लिए होंगे। आपको बता दें कि व्यापक होने के कारण स्थानीय निकाय चुनाव को महाराष्ट्र का ‘मिनी विधानसभा’ चुनाव भी कहा जाता है।