Blog

रामलीला मैदान में आज दोपहर से कांग्रेस करेगी बड़ी रैली,राहुल गांधी होंगे शामिल

रामलीला मैदान में आज दोपहर से कांग्रेस करेगी बड़ी रैली,राहुल गांधी होंगे शामिल
  • PublishedDecember 14, 2025

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज यानि रविवार, 14 दिसंबर कांग्रेस पार्टी वोट-चोरी के खिलाफ बड़ी रैली करने जा रही है. इसको लेकर सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है. इस महारैली के लिए दो मंच लगाए जा रहे हैं. रैली 12:30 बजे से शुरू होगी. मंच पर राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामु्द्दीन और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने देर रात रैली स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया.दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में मीडिया विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने कहा कि इस ऐतिहासिक महारैली को सफल बनाने के लिए हम सब जुटे हुए हैं. अनिल भारद्वाज ने बताया कि जिस तरह से कांग्रेस पार्टी की ओर से वोट चोर गद्दी छोड़ का अभियान चलाया गया था, उसके साथ पूरे देशभर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया. उसके तहत 5 करोड़ से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस ने अपने हस्ताक्षर किए थे. उसी क्रम में दिल्ली से भी करीब चार लाख लोगों ने अपने हस्ताक्षर इस अभियान के तहत करके सौंपे थे. अब उसी क्रम में राहुल गांधी के द्वारा यह महारैली की जा रही है.मंच के सामने भी नेताओं के बैठने की व्यवस्था है. उसके पीछे जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी. उन्होंने बताया कि रैली का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से किया जा रहा है. आयोजन के कुछ कामों की जिम्मेदारी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी गई है, जो हमेशा सौंपी जाती है.

अनिल भारद्वाज ने बताया, ”12:30 बजे से रैली शुरू होगी. मंच पर हमारे नेता जननायक राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. इसके अलावा सभी प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता और कार्यकर्ता रैली में पहुंचेंगे.” उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस तरह से सत्ता कब्जाने का एक फॉर्मूला बना रखा है कि विरोधियों के वोट कटवा दो और अपना वोट बढ़वा लो. चुनाव आयोग सेट करो सत्ता पक्की. हम उसे इस तरह से मनमानी नहीं करने देंगे. कांग्रेस की इस रैली को सफल बनाएंगे. जनता को एक बड़ा मैसेज देंगे, जिससे वोट चोरी के खिलाफ देश में माहौल बनें.बता दें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से इस रैली को लेकर के करीब एक महीने से तैयारी की जा रही थी. दिल्ली कांग्रेस कमेटी के सभी 14 जिला अध्यक्ष और सभी ढाई सौ से ज्यादा ब्लॉक अध्यक्ष भी रैली को सफल बनाने के लिए राजधानी में जुटे हुए हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने यहां के स्थानीय नेताओं को कुछ-कुछ व्यवस्थाओं को देखने की जिम्मेदारी भी सौंपी है.गौरतलब है कि दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में बड़ी-बड़ी रैलियां का आयोजन होता रहा है. लगभग कांग्रेस 2 से 3 साल के अंदर एक बड़ी रैली रामलीला मैदान में हमेशा करती आई है. रैली को देखते हुए रामलीला मैदान के चारों तरफ पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है. रामलीला मैदान को भी बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनरों से पाट दिया गया है. वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेताओं द्वारा भी रैली को लेकर तमाम कट आउट और होर्डिंग लगाए गए हैं.

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *