शादी के बंधन में बंधने जा रहे है क्रिकेटर रिंकू सिंह,जान लीजिए कौन है दुल्हनिया?

समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज की रिंग सेरेमनी 8 जून को लखनऊ में होगी। उनकी शादी भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह के साथ होनी है। शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज से होगी। इसमें क्रिकेट के सितारे, फिल्म जगत की हस्तियों और उद्योगपतियों का जमवाड़ा रहेगा। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलने वाले अलीगढ़ के रिंकू सिंह की शादी प्रिया से तय है। इसकी पुष्टि पहली बार सांसद बनीं प्रिया सरोज के पिता व केराकत विधानसभा सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने की थी। विधायक ने कहा था कि अलीगढ़ में रिंकू के परिजनों से मुलाकात हुई थी। परिजन शादी के लिए राजी हैं। आईपीएल के बाद दोनों की शादी होगी। अब रिंग सेरेमनी और शादी की तारीख तय हो गई है। सपा विधायक के करीबियों के मुताबिक, शादी पारंपरिक रीति-रिवाज से होगी। इसमें देशभर प्रमुख राजनेता, क्रिकेटर, फिल्मी सितारे और समाजसेवी शामिल होंगे।

यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति और स्नेह से तय हुआ है। दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए वक्त दिया और अब एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं। प्रिया सरोज पेशे से अधिवक्ता हैं। प्रिया और रिंकू एक दूसरे को पहले से जानते हैं।तूफानी सरोज ने बताया कि प्रिया की सहेली के पिता क्रिकेटर हैं। उनके जरिये ही रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों का कहना था कि परिजनों की रजामंदी से शादी करेंगे। परिजनों के बीच भी सार्थक बातचीत हो गई। रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्तूबर 1997 को अलीगढ़ के बेहद साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता खानचंद्र गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण का काम करते थे। उन्होंने खुद शुरुआत में सिलिंडर वितरण के काम में पिता का हाथ बंटाया और गरीबी से लड़ते हुए क्रिकेट के मैदान पर अपनी जगह बनाई।रिंकू सिंह को पहली बार 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि उस टूर्नामेंट में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 80 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।अब उनकी सालाना कमाई करीब 60 से 80 लाख रुपये बताई जाती है। 2024 में रिंकू सिंह की कुल संपत्ति का अंदाजा करीब 8 करोड़ रुपये लगाया गया था। जिसमें पिछले साल अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है।