हिमंत बिस्वा सरमा ने सबको धोखा दिया,असम में बोले राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने सिंगर जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पर हमला बोला. राहुल गांधी ने कहा, जुबिन गर्ग जी ने सबकी मदद की. उन्होंने सबको सम्मान दिया. उन्होंने हरदम एकता और भाईचारे की बात की. जो भी व्यक्ति उनके पास जाता था, वो खुशी से वापस लौटता था. उनकी विचारधारा हिमंत सरमा की विचारधारा के खिलाफ थी.राहुल गांधी ने कहा, असम का ये चुनाव जुबिन गर्ग और हिमंत बिस्वा सरमा की सोच के बीच में है. एक तरफ मोहब्बत, एकता, भाईचारा और सम्मान है तो दूसरी ओर नफरत, हिंसा, भ्रष्टाचार और अहंकार है. आप कांग्रेस को समर्थन दीजिए, हम यहां ऐसी सरकार बनाएंगे जो गरीबों के लिए काम करेगी. हम ऐसी सरकार बनाएंगे जो असम के लिए असम से ही चलेगी.

कांग्रेस सांसद ने असम के सीएम सरमा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंत बिस्वा सरमा ने जिसके साथ भी काम किया, सबको धोखा दिया. उन्होंने कहा कि असम के सीएम हिमंत बिस्वा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं. वो पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर असम में लैंड एटीएम चला रहे हैं. बिस्वा आम आदमी से उसकी जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं.राहुल गांधी ने कहा, असम शंकर देव जी, ज्योति प्रसाद अग्रवाल जी, भूपेन हजारिका जी, तरुण गोगोई जी और जुबिन गर्ग जी जैसी हस्तियों की जमीन है. इन सभी के अंदर असम की आत्मा थी. इन सभी लोगों ने एक ही बात की और वो ये है कि लोगों को जोड़ना है, नफरत को मिटाना है और मोहब्बत फैलानी है. असम में ये सोच बहुत गहरी है. लोगों को जोड़ना और इज्जत करना असम की आत्मा में है. मगर मुख्यमंत्री बिस्वा नफरत फैला रहे हैं. वो लोगों को डरा-धमका रहे हैं.