पावरस्टार पवन सिंह और भोजपुरी के ‘हिट मशीन’ कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव के बीच अक्सर विवाद देखने को मिलता रहता है. एक तरफ जहां पवन सिंह बीजेपी से जुड़े हैं तो वहीं 2025 के विधानसभा चुनाव में खेसारी लाल ने आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा. यानी दोनों की पसंदीदा पार्टी भी अलग है. चुनाव के दौरान भी विवाद दिखा था. अभी कुछ दिनों पहले ही पवन सिंह ने कहा था कि वह कभी नहीं चाहेंगे कि कभी खेसारी लाल यादव से उनकी मुलाकात हो. अब इस पर खेसारी लाल यादव का जवाब आ गया है. खेसारी लाल यादव ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी. खेसारी लाल यादव ने कहा कि अगर वह हमसे नहीं मिलना चाहते हैं तो यह उनकी इच्छा है. हर आदमी अपने जीवन में आजाद है. वह किसी से मिलें या न मिलें यह उनका अपना विषय है. मैं हमेशा से सबको सम्मान देता आया हूं, यह उनकी निजी राय होगी. खेसारी लाल ने आगे कहा, “मेरे मिलने से ना उनका घर चलता है और ना उनके मिलने से मेरा घर चलता है. लोगों के दिल में जो मेरी छवि बनी है वह बेहतर काम करने से बनी है.

बेहतर कलाकारी, बेहतर गाने और बेहतर सिनेमा से बनी है. मैं एक कलाकार के तौर पर अपने आप को मैं देखता हूं. वैसे यह सब चीजें होती रहती हैं. इस पर ज्यादा बात नहीं की जा सकती है.”खेसारी से जब पूछा गया कि क्या आप उनसे मिलेंगे? उन्होंने कहा कि मेरी जरूरत में वह कभी भी नहीं रहे, लेकिन मैं उनके लिए हमेशा से खड़ा रहा. उनके चुनाव की बात हो या उनके किसी मुद्दे की बात हो, मैं हमेशा से एक परिवार की तरह उनको बेहतर देखना चाहता हूं. यह उनकी अपनी इच्छा कि मुझसे मिलें या न मिलें, क्योंकि मैं यहां तक पहुंचा हूं तो उनसे मिलकर नहीं पहुंचा. मैं अपनी मेहनत से पहुंचा हूं.कुछ दिनों पहले खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह को लेकर कहा था कि उनका तो एक गाना इंटरनेशनल है, मेरे चार-चार गाने इंटरनेशनल हैं. इस पर पवन सिंह ने पलटवार करते हुए यह कहा था कि मुझे तो उनकी (खेसारी) बात पर हंसी आती है, उनका गाना अंतरिक्ष पर बजेगा. इस पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि चलिए अच्छी बात है कि उनके छोटे भाई का गाना अंतरिक्ष पर बजेगा और उनका आशीर्वाद रहा तो हम प्रयास करेंगे कि मेरा गाना अंतरिक्ष पर बजे.