पटना में JDU कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन,नीतीश कुमार को सीएम बने रहने के लिए रोने लगे नेता

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच राज्य की सियासत गरमा गई है. उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में खासी हलचल है. पार्टी में इस मसले पर बगावत के सुर बनते दिख रहे हैं. पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए. उनका कहना है कि अगर नीतीश कुमार को बदलना हो तो फिर से चुनाव कराया जाए. पार्टी नेता राजीव रंजन पटेल ने कहा कि हम नीतीश कुमार को नामांकन दाखिल करने के लिए जाने ही नहीं देंगे. वहीं आज निशांत कुमार जेडीयू में शामिल होने वाले हैं।

JDU नेता राजीव रंजन पटेल की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर नीतीश के समर्थन में नारे लगाए. मुख्यमंत्री नीतीश के राज्यसभा नामांकन भरने करने की संभावना पर JDU के नेता राजीव रंजन पटेल ने कहा, “कल खबरों से हमें पता चला कि नीतीश राज्यसभा में जाएंगे, यह जानकर जेडीयू के किसी नेता ने होली नहीं मनाई. हम लोगों की होली खराब कर दी गई है.”उन्होंने आगे कहा, “हम लोग हर हाल में बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश को ही देखना चाहते हैं. प्रदेश की जनता ने, कार्यकर्ताओं ने नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने के लिए खून-पसीना एक करके अपना बहुमत दिया है, न कि बीच में उनका कार्यकाल छोड़ने के लिए. हम नहीं चाहते कि बिहार की बागडोर किसी दूसरे के हाथों में जाए.”

Exit mobile version