5 मार्च को पर्चा दाखिल करेंगे कुशवाहा,शिवेश राम होंगे पांचवें उम्मीदवार!
बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आने लगी है. भारतीय जनता पार्टी के बाद अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपनी सूची जारी कर दी है. तमाम अटकलों को खारिज करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नाम पर सहमति बन गई है.आरएलएम ने उपेंद्र कुशवाहा को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है. प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा बतौर एनडीए कैंडिडेट 5 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे.उपेंद्र कुशवाहा के नाम के ऐलान के साथ ही तय हो गया कि अब बिहार में पांचवीं सीट के लिए वोटिंग होगी. बीजेपी ने पहले ही दो उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी की है, जबकि दो सीटों पर जेडीयू का दावा है. ऐसे में कुशवाहा के मैदान में आने से एनडीए प्रत्याशियों की संख्या 5 हो गई. अगर महागठबंधन भी अपना कैंडिडेट देता है तो उम्मीदवारों की संख्या 6 हो जाएगी।

जिस वजह से पांचवीं सीट के लिए 16 को मतदान होगा. प्राथमिकता के अनुसार नितिन नबीन, जेडीयू के दोनों अघोषित कैंडिडेट और उपेंद्र कुशवाहा एनडीए की पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे उम्मीदवार होंगे, जबकि शिवेश कुमार पांचवें प्रत्याशी होंगे. यानी अगर चुनाव की नौबत आई तो शिवेश की सीट के लिए असली मुकाबला होगा।एक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए 41 विधायकों की जरूरत होगी. एनडीए विधायकों की संख्या 202 है. ऐसे में उसकी 4 सीटों पर जीत तय है. वहीं पांचवीं सीट के लिए एनडीए को 3 अतिरिक्त वोट की आवश्यकता होगी. उधर, महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं. इस लिहाजा से एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के एक विधायक का समर्थन जिस गठबंधन को मिलेगा, उसकी जीत तय है. वैसे एआईएमआईएम ऐलान कर चुका है कि वह भी अपना प्रत्याशी उतारेगा।