जंतर-मंतर पर सरकार की बड़ी तैयारी,प्रदर्शन के बीच आज और भी दिखी कड़ी सुरक्षा

कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आज 36वां दिन है. पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में खामियों को दूर करने की मांग को लेकर छात्रों की बड़ी संख्या का जमावड़ा जंतर-मंतर पर अभी भी बना हुआ है. ऐसे में जंतर-मंतर के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेड लगाए हैं जिन्हें मजबूत जंजीरों से आपस में जोड़ा गया है और वेल्डिंग करके और मजबूत किया गया है.अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ से CRPF की 10 और कंपनियों को हवाई मार्ग से दिल्ली भेजने का निर्देश दिया है. न्यूज एजेंसी PTI रिपोर्ट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में CAPF की लगभग 150 कंपनियां तैनात की जाएंगी. CAPF की एक कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं. अधिकारियों ने बताया कि ऐसी लगभग 100 कंपनियां पहले से ही दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय पुलिस की मदद कर रही हैं.दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बदलते हुए अब प्रदर्शन स्थल और आसपास के मार्गों की सुरक्षा के लिए 18 डीसीपी तैनात किए जाएंगे.

हर रूट की निगरानी अलग जिला पुलिस करेगी. गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद ये फैसला लिया गया है. स्पेशल सीपी करेंगे पूरे ऑपरेशन की निगरानी करेंगे. भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक पर खास फोकस रहेगा. पुलिस पर हमले के बाद रणनीति को बदला गया है. पेलेट गन इस्तेमाल के आरोपों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. पेपर लीक पर दिल्ली पुलिस ने स्पेशल STF बनाई है. ये भर्ती परीक्षा माफिया पर शिकंजा कसेगा.जंतर-मंतर के पास जारी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा चिंताओं के कारण शनिवार को भी मध्य दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की तरफ से इसकी जानकारी दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेट्रो स्टेशनों को बंद रखे जाने का ये लगातार चौथा दिन होगा. डीएमआरसी ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक ये स्टेशन यात्रियों के लिए बंद रहेंगे. हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर यात्रियों के लिए मेट्रो बदलने (इंटरचेंज) की सुविधा उपलब्ध रहेगी.बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, नई दिल्ली और झंडेवालान शामिल हैं. जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रहे प्रदर्शनों में काफी भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने मध्य दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली में शराब की सभी दुकानों को वीकेंड में शाम 8 बजे तक ही खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं. गुरुवार को बिना पूर्व सूचना के दुकानों के जल्दी बंद होने से कई लोगों को निराशा हुई, क्योंकि उन्हें शराब न मिलने के कारण वापस लौटना पड़ा. दिल्ली में शराब की दुकानें आमतौर पर रात 10 बजे बंद होती हैं.दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, अब वीकेंड तक दुकानें रात आठ बजे तक ही खुलेंगी. यह फैसला जंतर-मंतर पर जारी विरोध-प्रदर्शन की वजह से बनी मौजूदा स्थिति के बारे में पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया है.

Exit mobile version