Blog

नितिन नबीन का अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया स्वागत,दिल्ली भाजपा मुख्यालय में हुआ फूलों का बारिश!

नितिन नबीन का अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया स्वागत,दिल्ली भाजपा मुख्यालय में हुआ फूलों का बारिश!
  • PublishedDecember 15, 2025

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने नबीन का स्वागत किया.इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे नितिन नबीन का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यहां भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन का स्वागत किया. वहीं, नितिन नबीन को बधाई देने और उनका स्वागत करने वाले बीजेपी ऑफिस में बैनर लगाए गए हैं.भाजपा मुख्यालय में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां चल रही हैं. केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं. नितिन नबीन के स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि इसके बाद वह अपना कार्यभार संभाल लेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की जगह लेंगे, जो जनवरी 2020 से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे.भाजपा संसदीय बोर्ड ने रविवार को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने को मंजूरी दी थी. इसके बाद पार्टी ने एक बयान जारी कर उनके नाम की घोषणा की. राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की कमान सौंपे जाने के बाद नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया.

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा किया है. पार्टी में हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है. वह पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व करने में कोई चुनौती नहीं है.45 साल के नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से विधायक हैं और नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में वह लगातार पांचवीं बार निर्वाचित हुए. वह भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं. नितिन नबीन अब तक बीजेपी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं. वह न सिर्फ बिहार से, बल्कि पूर्वी भारत से भी पहले भाजपा अध्यक्ष हैं.सोमवार को दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में एएनआई से बात करते हुए नितिन नबीन ने बिहार और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के समर्थन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोगों ने उनकी तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा, “मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया है. उनके आशीर्वाद से ही यह सब हो रहा है.”

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *