Blog

नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान,पटना के बाद अब भागलपुर में जल्द दौड़ेगी मेट्रो

नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान,पटना के बाद अब भागलपुर में जल्द दौड़ेगी मेट्रो
  • PublishedMarch 17, 2026

सोमवार को राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड स्थित बैजानी पंचायत पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभा स्थल में प्रवेश से पहले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जा रही थी। कार्यक्रम में जीविका दीदियों के साथ हजारों की संख्या में महिलाओं की भारी मौजूदगी देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल उत्साह और जोश से भर गया। मुख्यमंत्री सबसे पहले हवाई अड्डा पहुंचे, इसके बाद उन्होंने बौसी रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया। फिर बैजानी पंचायत पहुंचकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह मंडप का शिलान्यास किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का जायजा लिया।इसके बाद मुख्यमंत्री सभास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रगति यात्रा के संकल्प का अवलोकन किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की और आम लोगों से सीधा संवाद भी किया।

इस मौके पर भागलपुर जिले को बड़ी सौगात देते हुए उन्होंने कुल 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति बेहतर नहीं थी और कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर विवाद होते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं सुरक्षित हैं और सड़कों पर पहले की तरह गड्ढे भी नजर नहीं आते। वहीं, समृद्धि यात्रा में आए लोगों को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की तर्ज पर अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय का भी पुनरुद्धार किया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। साथ ही भागलपुर में एयरपोर्ट निर्माण और मेट्रो सेवा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर और बांका पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति काफी कमजोर थी, लेकिन अब राज्य ने तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा कि सड़कों का जाल 6 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.40 लाख किलोमीटर हो गया है, वहीं राज्य का बजट 23 हजार करोड़ से बढ़कर करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बिजली क्षेत्र में भी बड़ा सुधार हुआ है और आज राज्य में अधिकांश घरों को नियमित बिजली मिल रही है।उन्होंने कहा कि भागलपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। पटना की तर्ज पर यहां भी मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा भागलपुर से मिर्चाचौकी, मुंगेर, सुल्तानगंज-देवघर और बांका तक फोरलेन सड़कों का निर्माण हो रहा है। भागलपुर के विकास पर करीब 36 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही 450 एकड़ जमीन पर उद्योग स्थापित करने की योजना है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।बांका के कटोरिया में आयोजित सभा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे बनने से बांका से कोलकाता की दूरी 10-12 घंटे से घटकर 5-6 घंटे रह जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हनुमना डैम तक गंगा का पानी पहुंचाने से सिंचाई की समस्या दूर होगी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में विकास की रफ्तार तेज हुई है और सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *