नीतीश कुमार ने आज बुलाई पहली बड़ी बैठक,निशांत को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

जेडीयू की पहली बड़ी बैठक आज सोमवार को हो रही है. पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की गई है. पहले यह बैठक नीतीश कुमार के नए सरकारी बंगले सात सर्कुलर रोड पर प्रस्तावित थी, लेकिन आखिरी समय में जगह बदल दी गई.पिछले 20 वर्षों से जदयू विधान मंडल दल के नेता नीतीश कुमार ही रहे हैं. अब मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद पार्टी को विधानसभा और विधान परिषद दोनों के लिए नए नेता चुनने होंगे. इस बैठक को जदयू के भविष्य के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में विधान मंडल दल के नेता के साथ-साथ उपनेता का भी चयन हो सकता है.बैठक में नए विधान मंडल दल नेता के रूप में कई नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं. बिहार सरकार में जदयू कोटे से दो डिप्टी सीएम बने विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव दोनों वरिष्ठ नेता हैं और इनका नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है. इसके अलावा नीतीश कुमार के करीबी श्रवण कुमार, संजय गांधी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम भी चर्चा में हैं.

सरकार में शामिल न होने के बाद जदयू कार्यकर्ताओं और नेताओं की नजरें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पर टिकी हुई हैं. निशांत हाल ही में बिहार भ्रमण पर सक्रिय रहे हैं और पार्टी संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं. माना जा रहा है कि बैठक में उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, हालांकि उन्होंने खुद कहा है कि फिलहाल वे पूरे बिहार का दौरा जारी रखेंगे।मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली इस बैठक में नीतीश कुमार के अलावा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, सभी प्रमुख नेता, विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे. बैठक में विधानसभा और विधान परिषद के लिए अलग-अलग नेता चुनने पर भी विचार हो सकता है. यह बैठक जदयू की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है।

Exit mobile version