बिहार की सियायत में आज मंगलवार को नीतीश युग खत्म हो रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में पटना में आखिरी कैबिनेट बैठक बुलाई गई जिसमें वह काफी भावुक हो गए. बैठक के बाद नीतीश आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. इसके बाद बिहार में कल नई सरकार अस्तित्व में आएगी. कल राज्य के नए मुख्यमंत्री के अलावा 2 अन्य उपमुख्यमंत्री भी पद की शपथ लेंगे.इससे पहले पटना में मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार ने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की अगुवाई की. इस बैठक में कोई खास एजेंडा नहीं रखा गया था. बैठक में कैबिनेट के तमाम सहयोगी भी मौजूद रहे और यह बैठक काफी भावुक कर देने वाला था. कैबिनेट की आखिरी बैठक में खुद सीएम नीतीश भी भावुक हो गए. साथ ही उन्होंने नई सरकार के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी.बैठक के बाद सचिवालय के पोर्टिको में नीतीश कुमार के साथ सेल्फी लेने की होड लग गई. वहां मौजूद मंत्री और अधिकारी नीतीश के साथ सेल्फी लेने लगे. बैठक के बाद सामूहिक फोटोग्राफी कराई गई. इसके बाद नीतीश आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू हो जाएगी. सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू होगी. माना जा रहा है कि कल बुधवार को नई सरकार पद की शपथ लेगी. मुख्यमंत्री के अलावा 2 उपमुख्यमंत्री शपथ लेंगे. राज्य के सबसे लंबे समय तक सीएम रहे नीतीश के बाद बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई में सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है.जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार ने पिछले हफ्ते राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी और अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद आज वह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं.

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नीतीश सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है. मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलने से पहले अपने सहयोगियों को कैबिनेट भंग करने के फैसले की जानकारी देते हैं.” बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है. इसके बाद पार्टी अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी, यह बैठक 3 बजे पार्टी कार्यालय में होनी है. इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जिन्हें बीजेपी संसदीय बोर्ड ने पर्यवेक्षक नियुक्त कर पटना भेज दिया है.राज्य में 202 विधायकों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में बीजेपी के 89 विधायकों के साथ-साथ जेडीयू के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19 और हिंदुस्तान आवामी मोर्चा (HAM) के 5 विधायक शामिल हैं. इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी 5 विधायक गठबंधन का हिस्सा हैं.शाम 4 बजे के करीब एनडीए के सभी विधायक विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में बैठक करेंगे. इसके बाद सभी घटक दलों के समर्थन का औपचारिक ऐलान किया जाएगा और नई सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के पास पेश किया जाएगा. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार के नए मुख्यमंत्री पद का मुख्य दावेदार माना जा रहा है. सम्राट के पास अभी गृह विभाग हैं.