नीतीश कुमार ने कर दी बड़ी घोषणा,50 लाख घरों में लगेगा सोलर प्लेट

बिहार के शेखपुरा में समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि बिहार के 50 लाख घरों में सोलर प्लेट लगाने का काम शुरू किया जाएगा. शनिवार को ख्यमंत्री नीतीश कुमार शेखपुरा जिले के सर्वा गांव में जनसंवाद को संबोधित किया. इस दौरान विकास कार्यों के साथ-साथ आने वाले पांच वर्षों की योजनाओं की जानकारी दी.सीएम ने बताया कि वर्ष 2018 में ही राज्य के हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई थी. अब 125 यूनिट बिजली मुफ्त होने से करीब 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य हो रहा है. कहा कि सरकार ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था, जिसमें से 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का काम पूरा कर लिया गया है. आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. उन्होंने लालू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकार ने विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया, जबकि उनकी सरकार ने सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए विकास किया है.

उन्होंने कहा कि पहले मदरसों को सरकारी मान्यता नहीं थी, लेकिन उनकी सरकार ने मदरसों को मान्यता दी और अब वहां के शिक्षकों को भी सामान्य शिक्षकों की तरह वेतन दिया जा रहा है.सीएम ने बताया कि राज्य के 21 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं. पीएमसीएच को 5400 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है. पांच अन्य पुराने मेडिकल कॉलेजों को भी ढाई-ढाई हजार बेड तक विस्तारित किया जा रहा है. समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने शेखपुरा के लिए विभिन्न विभागों के अंतर्गत 120 नई योजनाओं की नींव रखी, जिनकी कुल प्राक्कलित राशि 14359.47 लाख है. इसमें भवन प्रमंडल की 48.70 करोड़ की 5 योजनाएं, बिहार पुलिस भवन निर्माण की 30.97 करोड़ की 5 योजनाएं और ग्रामीण कार्य विभाग की ₹23.02 करोड़ की 10 सड़कें व अन्य कार्य शामिल हैं. इसके साथ ही 6177.29 लाख की लागत से पूरी हो चुकी 196 योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया. सर्वा स्थित मॉडल स्कूल उच्च माध्यमिक विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है. जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के 20 स्कूलों में रोबोटिक और एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं अब कोडिंग, इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष विज्ञान का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त कर सकेंगे. सर्वा स्कूल में पांच स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले बास्केटबॉल व बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.जनसंवाद में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखकर मुख्यमंत्री काफी प्रसन्न दिखे. उन्होंने जीविका दीदियों को मिल रहे लाभों की भी जानकारी दी. कार्यक्रम के अंत में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य मंत्रियों, सांसद विवेक ठाकुर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का हाथ उठाकर अभिवादन कराया तथा विकास कार्यों को आगे भी जारी रखने का भरोसा दिलाया.

Exit mobile version