बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इसका फैसला अब से कुछ घंटे बाद हो जाएगा। आज नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी कैबिनेट मीटिंग करेंगे, इसके बाद वो पद से इस्तीफा दे देंगे। नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी का चुनाव होगा। लेकिन ये उत्तराधिकारी कौन होगा इस पर हर किसी की नजर है। दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। हालांकि औपचारिक ऐलान शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में होगा।नए सीएम और उनके मंत्रिमंडल को लेकर कुछ ही घंटों में तस्वीर साफ होने वाली है लेकिन नए सीएम के साथ मंत्रियों के नामों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। कई संभावित चेहरों के शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही है उनमें से कई चेहरे वहीं हैं जो मौजूदा नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हैं। लेकिन सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की भी चर्चा तेज हो गई है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार बिहार की नई सरकार में 2 डिप्टी सीएम नहीं होंगे सिर्फ निशांत कुमार के रूप में एक ही उप मुख्यमंत्री होंगे। जबकि अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी कोटे से 2 उप मुख्यमंत्री भी हैं।इसी के साथ ये भी संभावना जताई जा रही है कि बिहार की नई सरकार में बीजेपी के कुछ नए चेहरे मंत्री बन सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी अपने कोटे से कुछ ‘नॉन-परफॉर्मिंग’ मंत्रियों की छुट्टी कर सकती है। उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। लेकिन वो चेहरे कौन कौन हो सकते हैं उसको लेकर कयासों का बाजार गर्म है। इसके अलावा, नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई जगह को किसी प्रभावशाली नए चेहरे से भरे जाने का संभावना है।