पीएम मोदी और शाह से मुलाकात करेंगे नीतीश कुमार,दिल्ली दौरा से बदलेगी बिहार की तस्वीर!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली के दो दिवसीय दौरे पर हैं. एनडीए सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है. सूत्रों के अनुसार, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंग. इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा करेंगे.बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने 243 सीटों में से 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया. नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री बने. चुनाव से पहले कई वादे किए गए थे, जिसमें प्रधानमंत्री ने भी बिहार को विकसित राज्य बनाने की बात कही थी. ऐसे में आने वाले केंद्रीय बजट से पहले यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.एनडीए को चुनावी वादों को पूरा करना है, इसके लिए केंद्र सरकार से बड़ी मदद की जरूरत है. मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से विकसित बिहार के विजन पर विस्तार से चर्चा करेंगे. बिहार के विकास के लिए केंद्र की योजनाओं और फंडिंग पर फोकस रहेगा. विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं. बीजेपी ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है, साथ ही प्रदेश अध्यक्ष में भी बदलाव हुआ है. आने वाले समय में राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव होने हैं.

इन बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों और आगे की रणनीति पर भी प्रधानमंत्री से चर्चा संभव है.बिहार में खरमास के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना है. वर्तमान में नीतीश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 25 मंत्री हैं, जबकि कुल 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं. ऐसे में 10-11 नए मंत्री शामिल हो सकते हैं. दिल्ली दौरे में इस पर भी चर्चा हो सकती है. जदयू में इन दिनों सदस्यता अभियान चल रहा है. मुख्यमंत्री दिल्ली में जदयू नेताओं के साथ बैठक कर इस अभियान की समीक्षा करेंगे और आगे के दिशा-निर्देश देंगे. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा मुख्य रूप से केंद्र से बिहार के लिए अधिक मदद और बदली राजनीतिक परिस्थितियों पर केंद्रित है. वे रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं और सोमवार देर शाम पटना लौट सकते हैं.