नए सीएम को लेकर JDU से नहीं है कोई मतभेद,बोले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार की राजनीति छोड़कर केंद्र में आने के बीच बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि एनडीए गठबंधन की ओर से नए मुख्यमंत्री के नाम का अब तक ऐलान नहीं किया गया है. अगले मुख्यमंत्री को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि नए सीएम को लेकर कोई मतभेद नहीं है. और सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार ही चल रहा है.समाचार एजेंसी ANI को दिए एक खास इंटरव्यू में, नितिन नवीन ने कहा, “कहीं कोई मतभेद नहीं है; सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है. नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हमेशा ही ‘गठबंधन धर्म’ का सम्मान किया है, और इसीलिए आज भी पार्टियां हम पर भरोसा करती हैं. बिहार में सब कुछ नीतीश कुमार के नेतृत्व में तय किया जा रहा है.”नवीन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के BJP और RSS को लेकर दिए गए “सांप” वाले बयान की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि खरगे का यह बयान “लोगों को सांप्रदायिक आधार पर भड़काने” के मकसद से दिया गया है, साथ ही यह उनकी “घटिया मानसिकता” को भी दिखाता है. उन्होंने कहा, “ये बयान पूरी तरह से लोगों को सांप्रदायिक आधार पर भड़काने के मकसद से दिए गए. इस तरह से लोगों को उकसाना किस तरह की घटिया मानसिकता हो सकती है?”बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा, “एक राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर वे जिस तरह के बयान दे रहे हैं. मुझे लगता है कि राहुल गांधी को उन्हें समझाना चाहिए.” उन्होंने यह भी कहा, “कांग्रेस की यह पुरानी परंपरा रही है कि वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है जिनका समाज पर बुरा असर पड़ता है. हालांकि, मेरा मानना है कि जब भी कांग्रेस की ओर से ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है, तो जनता ने हमें जीत का हार पहनाकर इनाम दिया है.”एक सवाल का जवाब देते हुए अध्यक्ष नवीन ने बताया, “वो खुद समझ सकते हैं कि गुरु कौन है और चेला कौन.”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, सोनिया गांधी और उनका परिवार किसी भी व्यक्ति को ‘रिमोट कंट्रोल’ से चलाते हैं. उन्हें उसी हिसाब से बोलने की अनुमति होती है, जैसा सिस्टम तय करता है. लेकिन खरगे एक भले इंसान हैं; उन्होंने पहले कभी ऐसे अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया था. ये तो गांधी परिवार के शब्द हैं, जो अब खरगे के जरिए बाहर आ रहे हैं.” खड़गे ने ये बयान असम में हुई एक रैली के दौरान दिए थे.खबरों के मुताबिक, खरगे ने एक कार्यक्रम में कहा था, “अगर कोई जहरीला सांप आपके सामने से गुजरता है, और अगर आप उस समय नमाज भी पढ़ रहे होते हैं, तो भी नमाज रोककर उस जहरीले सांप को मार देना चाहिए. कुरान में यही कहा गया है. और मैं भी यही कहूंगा. RSS और BJP एक जहरीले सांप की तरह हैं. अगर आप इन्हें नहीं मारेंगे, तो ये आपको नहीं छोड़ेंगे.” खरगे के बयान के खिलाफ असम में BJP के नेताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कांग्रेस पर मुस्लिम वोटों को हासिल करने के लिए ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप भी लगाया.इस साल जनवरी में BJP के अध्यक्ष बनने वाले नितिन नवीन ने खरगे के उस बयान की भी तीखी आलोचना की, जिसमें उन्होंने केरल और गुजरात के लोगों के बीच तुलना करने की कोशिश की गई थी. नवीन ने कहा, “महात्मा गांधी और सरदार पटेल भी उसी गुजरात से आए थे. आज, इसी गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को आगे ले जा रहे हैं. इसलिए, यह उनकी नासमझी है. लेकिन जनता सब देख रही है कि जब भी वे चुनाव हारते हैं, तो किसी न किसी पर आरोप लगाते ही हैं.”