विपक्ष का NDA सरकार पर बड़ा हमला,जाति देखकर किया जा रहा है एनकाउंटर
बिहार विधानसभा में विपक्षी सदस्यों ने कानून व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की. विधानसभा पोर्टिको में पोस्टर लेकर विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार गूंगी बहरी हो गई है. राजद के सदस्यों ने कहा कि नीतीश सरकार हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को रोकने में विफल रही है और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए. साथ ही आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने पटना में बुधवार को सुबह-सुबह हुए एनकाउंटर को लेकर विवादित बयान दिया है, जिसको लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. पटना में बुधवार की सुबह पुलिस ने राजीव कुमार उर्फ सूर्या के पैर में गोली मारी है. पुलिस के इस एनकाउंटर को लेकर आरजेडी ने हमला बोला है.

भाई वीरेंद्र ने कहा कि इस सरकार में जाति विशेष को टारगेट किया जा रहा है और एनकाउंटर हो रहा है. ये (सत्ता पक्ष) ना किसी को बचाते हैं और ना किसी को फंसाते हैं, लेकिन जाति विशेष के अपराधी को बचाते हैं और उसकी तरह से चिन्हित करके फंसाते हैं.अपराधी के एनकाउंटर पर सीपीएम विधायक अजय कुमार ने भाई वीरेंद्र के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि , जाति बिहार की सच्चाई है. बिहार के अंदर जाति की जड़ बहुत मजबूत है और यहां जाति के अंदर संरक्षण दिए जाते है. लेकिन किस जाति में अपराधी नहीं है? उन्होंने आगे कहा कि एक अस्पताल में घुसकर गोली मारी जाती है, क्यों नहीं उस अपराधी का एनकाउंटर हुआ? जो बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटना करता है, उसका एनकाउंटर क्यों नहीं होता है? अपराधियों के बीच में भेदभाव सरकार को नहीं करना चाहिए, इसका गलत संदेश जाता है.पूर्व शिक्षा मंत्री और राजद विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि बिहार में नारी शक्ति का अपमान हो रहा है. प्रतिदिन हत्याएं और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है. छोटी-छोटी बच्चियों को शिकार बनाया जा रहा है. इसलिए प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए.दरअसल पटना में बुधवार सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. पटना पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई की थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि सूर्या रंगदारी वसूलने के लिए गायघाट आने वाला है. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी. इसी बीच अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में खाजेकला थाना क्षेत्र इलाके में रहने वाले राजीव कुमार उर्फ सूर्या के पैर में गोली लगी, जिसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है.