नहीं रहे पटना महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल,समाज सेवा के लिए थे मशहूर

धार्मिक न्यास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और विश्व प्रसिद्ध पटना महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल का रविवार की सुबह निधन हो गया। रविवार अहले सुबह हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें फौरन महावीर वात्सल्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल का कार्डियक अरेस्ट आया है। अस्पताल जाने से पहले उन्होंने दम तोड़ दिया। 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से शोक की लहर दौड़ पड़ी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल जी का जीवन समाज सेवा, धार्मिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए समर्पित था।

उन्होंने महावीर मंदिर को एक राष्ट्रीय पहचान दिलाई और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।