प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले त्योहारों को लेकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और वोकल फॉर लोकल का मंत्र याद रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली समेत कई त्योहारों में विदेशी सामान की भरमार हो गई है। ऐसे उत्पादों को त्योहारों से दूर रखकर स्वदेशी अपनाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि जब लोग स्वदेशी खरीदते हैं, तो वे देश को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान को भी मजबूत करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दिनों रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और जल्द ही होली का त्योहार भी आने वाला है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि परिवार और अपनों के साथ मिलकर प्रेम, सद्भाव और खुशी के साथ त्योहार मनाएं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के लिए कहा कि परीक्षा के समय मन में शंका आना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि हर पीढ़ी ने यह अनुभव किया है और छात्र अकेले नहीं हैं। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि किसी का मूल्य उसकी मार्कशीट से तय नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि जो पढ़ा है, उसे आत्मविश्वास के साथ लिखें और एक कठिन सवाल को मन पर हावी न होने दें।पीएम मोदी ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट में दो भारतीय उत्पादों ने विश्व नेताओं को खास तौर पर प्रभावित किया। पहला उत्पाद अमूल के बूथ पर प्रदर्शित किया गया, जहां बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पशुओं के इलाज को बेहतर बनाया जा रहा है। एआई के जरिए किसान 24 घंटे अपनी डेयरी और पशुओं का रिकॉर्ड रख सकते हैं। इससे दूध उत्पादन, स्वास्थ्य निगरानी और प्रबंधन में बड़ी सुविधा मिल रही है।दूसरा उत्पाद भारत की संस्कृति से जुड़ा था। इसमें दिखाया गया कि एआई तकनीक के माध्यम से प्राचीन ग्रंथों, पांडुलिपियों और पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखा जा रहा है। साथ ही उन्हें डिजिटल रूप में नई पीढ़ी के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इस पहल को देखकर कई देशों के प्रतिनिधि आश्चर्यचकित रह गए और भारत की तकनीकी व सांस्कृतिक पहल की सराहना की।