प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत-रत्न से सम्मानित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर मध्यप्रदेश के खजुराहो के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे देश की पहली महत्वाकांक्षी और बहुउद्देशीय केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे देश की पहली ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का लोकार्पण और 1153 अटल ग्राम सुशासन भवनों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की स्मृति में स्टांप और सिक्का भी जारी करेंगे। देश को नदी जोड़ो की परिकल्पना देने वाले स्व. वाजपेयी की जयंती पर यह मध्यप्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात होगी। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार दोपहर 12:10 पर खजुराहो आएंगे और सभी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

दोपहर 2:20 पर वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी मौजूद रहेंगे।केन-बेतवा लिंक परियोजना के शिलान्यास के साथ ही स्व. अटल विहारी वाजपेयी का नदी जोड़ो का सपना मध्यप्रदेश में मूर्त रूप लेगा। केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना, देश में भूमिगत दाब युक्त पाइप सिंचाई प्रणाली अपनाने वाली सबसे बड़ी सिंचाई परियोजना है। इस परियोजना से मध्यप्रदेश के 10 जिलों छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, शिवपुरी, दतिया, रायसेन, विदिशा और सागर में 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और 44 लाख किसान परिवार लाभान्वित होंगे। साथ ही जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण से हरित ऊर्जा में 103 मेगावाट योगदान के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।