जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हैं. इस दिल दहला देने वाले हमले से पूरा देश गुस्से में है और सभी की निगाहेंप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ टिकी हैं. सऊदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़कर वापस लौटे पीएम मोदी एक्शन मोड में हैं और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. आतंकी हमले के बाद आज पीएम मोदी बिहार के दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां सार्वजनिक मंच से जनता को संबोधित करेंगे. इस दौरान बिहार को विकास की सौगात से नवाजने के साथ साथ-साथ पाकिस्तान को भी करारा जवाब देंगे।पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश उम्मीद कर रहा है कि पीएम मोदी जल्द से जल्द आतंकियों और उनके आकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूर करेंगे.

ऐसे में सभी की नजरें पीएम मोदी की बिहार के मधुबनी वाली रैली पर टिकी है. माना जा रहा है कि जैसे पीएम मोदी ने 2019 में पुलवामा हमले के बाद राजस्थान के चूरू रैली से पाकिस्तान को करारा जवाब देने का ऐलान किया था, उसी तर्ज पर मधुबनी से पीएम मोदी पहलगाम के गुनहगारों और पाकिस्तान को गंभीर और कड़ा संदेश दे सकते हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहलगाम आतंकी हमले के बाद बिहार में पहली बार सार्वजनिक मंच पर नजर आएंगे. पीएम मोदी एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे और 13,480 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिसका उद्देश्य बिहार में बुनियादी ढांचे,कनेक्टिविटी और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना है. इस दौरान पीएम एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देश को बता सकते हैं कि आने वाले दिनों में आतंकियों का इलाज कर दिया जाएगा।