प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां,पटना में हुआ बवाल!

पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर पटना पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है. दरअसल बिहार में शिक्षक भर्ती TRE 4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब सड़क पर दिखाई देने लगा है. शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में TRE 4 अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला. अभ्यर्थियों ने सम्राट सरकार और बीपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. अभ्यर्थियों मुख्यमंत्री आवास जाना चाह रहे थे. इस दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी नहीं माने, जिसके बाद पुलिस ने शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया. लाठीचार्ज में छात्रों को गंभीर रूप से चोट लगी है. कई छात्रों को पुलिस ने पकड़ कर वैन में बंद कर दिया है.छात्रों का आरोप है कि नियमों में बदलाव से अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है. प्रदर्शनकारी “TRE 4 विज्ञापन जारी करो” और “नियमावली वापस लो” जैसे नारे लगा रहे थे. जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों का विरोध मार्च आगे बढ़ते हुए बाकरगंज पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे.

अभ्यर्थियों को आगे बढ़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में दिखा. जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि प्रदर्शनकारियों को रोका जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे.प्रदर्शन को लेकर पटना के कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ. फिलहाल पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. TRE 4 अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. बता दें, बिहार में एक दिन पहले ही यानि गुरुवार को सम्राट कैबिनेट का विस्तार हुआ और मिथिलेश तिवारी बिहार के नए शिक्षा मंत्री बने हैं. ऐसे में मिथिलेश तिवारी के सामने TRE 4 अभ्यर्थियों की मांग पूरा करना एक बड़ी चुनौती होगी।

Exit mobile version