बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट हुआ जारी,तेज हवाओं के साथ होगा वज्रपात

बिहार के लोगों को इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है. यह बदलाव 15 मार्च से शुरू होकर 18 मार्च तक जारी रह सकता है. पटना में आज सुबह धूप निकली है, लेकिन यहां भी अगले कुछ दिनों में बारिश के आसार बने हुए हैं.मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च यानी आज पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, गया, जहानाबाद और पटना जैसे जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, साथ ही मेघगर्जन के भी मजबूत आसार हैं. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.16 और 17 मार्च को पूरे बिहार में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी रहेगा. इन दिनों हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है. मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यह मौसमी बदलाव उमस और गर्मी से राहत प्रदान करेगा, लेकिन किसानों और आम लोगों को बिजली गिरने से सावधान रहना होगा. 18 मार्च को गया, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, शिवहर और सीतामढ़ी में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है

. यहां भी हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.पिछले 24 घंटों में बिहार के विभिन्न जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया. सबसे अधिक गर्मी कैमूर में पड़ी, जहां अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गया में 37.1 डिग्री, शेखपुरा में 36.8 डिग्री, औरंगाबाद में 36.4 डिग्री और नालंदा-राजगीर में 35.9 डिग्री रहा. पटना में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, सबसे कम अधिकतम तापमान किशनगंज में 27.8 डिग्री दर्ज हुआ. सीवान में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक गिरा, जिससे ठंडक महसूस हुई.रविवार सुबह सीमांचल क्षेत्र के इलाकों में धूप नहीं निकली और गुलाबी ठंड महसूस की गई. कुछ जिलों में हल्का कोहरा भी छाया रहा. यह स्थिति उत्तरी बिहार में मौसम के बदलाव का संकेत दे रही है, जहां बारिश की संभावना अधिक है.मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वज्रपात के दौरान खुले मैदानों में न रहें, पेड़ों के नीचे न खड़े हों और सुरक्षित स्थान पर रहें. किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के उपाय करने चाहिए. यह मौसमी बदलाव गर्मी से राहत देगा, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है. आगे के अपडेट के लिए मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें.

Exit mobile version