Blog

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर हुआ शुरू,मौसम विभाग ने जारी की रेड अलर्ट

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर हुआ शुरू,मौसम विभाग ने जारी की रेड अलर्ट
  • PublishedMay 25, 2025

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ जहां केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है तो वहीं शिमला में बादल फटने की घटना भी सामने आई। इसके अलावा राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई तक अधिकांश जगहों पर बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हालांकि इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं बारिश को देखते हुए कई राज्यों में मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया हुआ है। समुद्री सीमा से सटे राज्यों में लोगों को समुद्र के किनारे न जाने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में शनिवार शाम को जमकर बारिश हुई। राजधानी शिमला के रामपुर में बादल फटने की घटना भी सामने आई, जिससे काफी नुकसान भी हुआ है। रामपुर के पास जगातखाना में बादल फट गया, जिसमें कई वाहनों के बहने की आशंका है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही सतर्कता बरतने की अपील भी की है।

वहीं स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 और 28 मई को सभी 12 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि 25 और 26 मई को सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।इस बीच केरल में शनिवार को समय से पहले ही मानसून पहुंच गया है। मानसून की वजह से केरल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। इस वजह से यहां कई घरों और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई और सड़कों पर जलभराव देखा गया। मौसम विभाग की मानें तो मानसून के आगमन के साथ पूरे केरल में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट तथा राज्य के शेष 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रविवार के लिए पांच जिलों में रेड अलर्ट और नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को केरल के 11 जिलों में रेड अलर्ट तथा शेष तीन में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। वहीं यूपी के भी कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बादलों के गरजने और आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार है। इसके साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इसी तरह 27 से 30 मई तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। फिलहाल मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश के जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां बीते कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसी बीच बीती रात भी पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश दर्ज की गई। देर रात आई बारिश के दौरान आंधी और तेज हवाएं भी चलीं। भारी बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर में जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इससे पहले IMD ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसमें तेज आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी।हालांकि राजस्थान के कई हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहां शनिवार को कई जगह अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तापमान और बढ़ने का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। अजमेर, जयपुर, कोटा संभाग में आगामी 2-3 दिन कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस रहने व लू चलने का पूर्वानुमान है। हालांकि पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से आगामी 4-5 दिनों में राज्य के कुछ भागों में शाम के समय गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *