मंत्रिमंडल विस्तार पर राजद ने बोला हमला,कहा-भाजपा के दबाव में हैं नीतीश कुमार

बिहार में नीतीश कैबिनेट में मौजूदा वक्त में मुख्यमंत्री समेत 29 मंत्री हैं। बिहार में कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि शेष सातों पदों पर विधायक मंत्री बनेंगे। सभी भाजपा कोटे से भी हो सकते हैं। इसके लिए मोती लाल प्रसाद, राजू कुमार सिंह, डॉ. सुनील कुमार, कृष्ण कुमार मंटू, विजय कुमार मंडल, संजय सरावगी और जिबेश कुमार के नाम चर्चा में हैं। हालांकि, समाचार एजेंसी एएनआई की मानें तो सिर्फ छह विधायक ही मंत्री पद की शपथ लेंगे, जिनमें चार भाजपा और दो जदयू से होंगे।

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘आज शाम 4 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए राज्यपाल ने सहमति दे दी है। भाजपा कोटे से सात मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। हमारी राज्य इकाई की बैठक 4 मार्च को होगी, जिसमें हमारी पार्टी के नए अध्यक्ष (बिहार के) का चुनाव किया जाएगा।’राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह ने कहा कि सात मंत्रियों के शपथ लेने की बात तो सामने आ रही है। यह चौंकाने वाला है कि सभी मंत्री भाजपा के ही होंगे। जदयू के एक भी मंत्री नहीं होंगे। यह समझ में नहीं आ रहा है कि नीतीश कुमार किस दबाव में हैं। भाजपा के लोग पूरी तरह से राजद से डरे हुए हैं।