योगी आदित्यनाथ के नमाज वाले बयान पर भड़की राजद,बोली-धर्म की राजनीति कब छोड़ेंगे?

सीएम योगी ने कहा है कि सड़क चलने के लिए होती है, नमाज पढ़ने के लिए नहीं. उनके बयान के बाद अब आरजेडी ने घेरा है.उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) ने चेतावनी भरे लहजे में एक बड़ा बयान दिया है. सीएम ने कहा है कि नमाज पढ़नी है, आप शिफ्ट में पढ़िए. प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे. योगी ने कहा है कि सड़क चलने के लिए होती है नमाज पढ़ने के लिए नहीं. योगी ने यह बयान लखनऊ (Lucknow) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया है. अब उनके बयान पर सियासत तेज हो गई है. अलग-अलग दलों की ओर से प्रतिक्रिया आ रही है और योगी के बयान की हवा बिहार तक पहुंच गई है. आरजेडी ने सीएम योगी आदित्यनाथ के इस बयान का विरोध किया है.आरजेडी की मानें तो चुनाव को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस तरह का बयान दिया है. पार्टी ने धर्म की राजनीति को लेकर सवाल भी उठाया है. बता दें कि यूपी में अगले साल (2027) विधानसभा का चुनाव होना है.

सीएम योगी के बयान पर आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सोमवार (18 मई, 2026) को कहा, “चुनाव आ रहा है तो योगी आदित्यनाथ वोटों के लिए ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे… धर्म की राजनीति करना आप कब छोड़ेंगे?” आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने आगे कहा, ‘ये देश संविधान से चलता है और ये कानून हक देता है कि नमाज पढ़ें, पूजा करें, गिरिजा घर जाएं. एक विशेष धर्म के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाते हैं और नफरत फैलाते हैं…”गौरतलब हो कि सीएम योगी ने कोई पहली बार इस तरह का बयान नहीं दिया है. वे अपने सख्त अंदाज, माफिया राज, एनकाउंटर और बुलडोजर ऐक्शन के लिए जाने जाते हैं. अब उनके शिफ्ट में नमाज पढ़ने वाले बयान से फिर से सियासती तेज हो गई है.

Exit mobile version