तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर बोला हमला-आपका समय है लेकिन हमारा भी दौर आएगा
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकारी की नाकामी गिनाते हुए आगाह किया कि गलती करेंगे तो हमलोग छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने ये भी कहा कि अभी आपका (एनडीए) समय है, हमलोगों (महागठबंधन) का भी दौर आएगा.तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में कही गई सारी बातें पुरानी हैं. जो सरकार की तरफ से दी गई है, उसी को पढ़ दिया गया है लेकिन बिहार की जनता सब कुछ समझ रही है. इस सरकार में झूठी वाहवाही और लापरवाही होती है.नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम लोग निडर होकर जनता की आवाज सदन में उठाने का काम करेंगे. राज्यपाल के अभिभाषण में कहा गया कि बिहार में कानून का राज है. न्याय के साथ विकास हो रहा है लेकिन हकीकात बिहार की जनता को पता है.तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार दो बार आई. एनडीए की सरकार शिक्षक बहाली की बात करती है लेकिन बताना चाहिए कि जब बहाली हुई तो किसकी सरकार थी? 10 लाख नौकरी देने का वादा किसका था? चाहे मानदेय बढ़ाने का काम हो या अन्य कार्य, सब कुछ हम लोगों की महागठबंधन वाली सरकार में ही हुआ.

आरजेडी नेता ने कहा कि जब हम लोग 10 लाख नौकरी की बात करते थे तो मुख्यमंत्री कहते थे, ‘कहां से पैसा लाओगे, बाप के यहां से लाओगे?’ तेजस्वी ने कहा कि सात निश्चय की योजना हम लोग की सरकार के समय से शुरू हुआ था. हम तो मन हो मन मुस्कुरा रहे थे कि हम ही लोगों के कामों पर सत्ता पक्ष के लोग ताली बजा रहे हैं.इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के उस बयान की भी चर्चा की, जिसमें बीजेपी नेता ने कहा था कि बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं. हालांकि तेजस्वी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया. अपनी बात रखते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आप लोगों ने लोकतंत्र को डर तंत्र बना दिया है. राज्य में अपराध बढ़ गया है.तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से कहा कि मेरे पैर का नाखून उखड़ गया है, दर्द बहुत है. एंटीबायोटिक लेकर हम चल रहे हैं, इसलिए बैठकर बोलने की अनुमति दें. इस पर स्पीकर ने उनको बैठकर बोलने की अनुमति दे दी।