तेजस्वी ने कर दिया बड़ा वादा,सरकार में आते हीं प्रदर्शनकारी छात्रों को देंगे सरकारी नौकरी और पेंशन

सिवान में छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई को विपक्ष भुनाने में लगा है और लगातार सरकार पर हमलावर है. बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहते तेजस्वी यादव ने छात्रों को लुभाने की कोशिश करते हुए बड़ा ऐलान किया है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों को योद्धा करार दिया और उनसे बड़ा वादा भी कर डाला.राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि जैसे जेपी आंदोलन में शामिल लोगों को अभी भी सरकार पेंशन देती है, वैसे ही भविष्य में अगर हमारी सरकार बनी तो छात्र आंदोलन में गिरफ्तार हुए स्टूडेंट्स के लिए पेंशन की व्यवस्था करेंगे।हालिया छात्र आंदोलन में भाजपाई दमन, पुलिसिया अत्याचार और लाठीचार्ज से पीड़ित ऐसे छात्र एवं युवा जो संविधान प्रदत्त शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान चोटिल हुए, जिनपर FIR दर्ज हुआ अथवा जो जेल गए है, उन सभी योद्धाओं के लिए हमारी सरकार बनने पर सरकारी नौकरी और पेंशन की व्यवस्था की जाएगी.छात्रों की गिरफ्तारी, एफआईआर और सिवान गोलीकांड को लेकर तेजस्वी यादव लगातार सरकार पर हमलावर हैं.

इससे पहले उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी पर हमला करते हुए कहा था कि गृह मंत्रालय, मुख्यमंत्री के हवाले है. क्या उनके आदेश पर गोली चलायी गई है? साथ ही तेजस्वी अभी भी सिवान में छात्रों पर चली गोलीकांड की न्यायिक जांच की मांग पर अड़े हैं।वहीं 27 जुलाई यानी कि सोमवार को पुलिस मुख्यालय ने छात्र संगठनों द्वारा 25 जुलाई को किए गए धरना-प्रदर्शन और जुलूस के दौरान कई जिलों में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति उत्पन्न होने और की गई कार्रवाई को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की थी. पुलिस मुख्यालय के अनुसार, हिरासत में लिए गए 694 लोगों में से सत्यापन के बाद 339 नाबालिगों और स्टूडेंट्स को मुक्त कर दिया गया था. वहीं, हिंसक घटनाओं में शामिल पाए गए 355 प्रदर्शनकारियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Exit mobile version