राष्ट्रीय जनता दल के नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने आज सम्राट सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि छह महीने में दो मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि इलेक्टेड सीएम को हटाकर सेलेक्टेड सीएम बनाए गए हैं। इसके बाद लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह फेल हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर हमला साधते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के पास गृह विभाग भी है। सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण की बात करती रहती है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सम्राट सरकार फेल हो रही है।तेजस्वी यादव ने कहा कि महिलाओं के साथ लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कहीं नजर नहीं आ रहा है। बिहार में महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं है, जब माताओं और बहनों के साथ अत्याचार नहीं हो रहा हो, उनके साथ बलात्कार नहीं हो रहा हो, लेकिन शासन-प्रशासन खामोश है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई अधिकारी और शासन में कुर्सी पर बैठे लोग हैं, जिन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं, आधे से अधिक लोग पारिवारवाद के उदाहरण बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन आज भी महिलाओं में खून की कमी है। सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में महिला सशक्तिकरण के नाम पर सरकार सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देने की बात कही गई, लेकिन अब उन्हें बकाया राशि या दूसरी किस्त क्यों नहीं दी जा रही, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को उनका बकाया दो लाख रुपये नहीं मिला तो आने वाले समय में महिलाएं भाजपा और एनडीए को ‘फिनिश’ कर देंगी।