NDA सरकार बनते हीं बोले तेजस्वी,आशा है अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी

बिहार में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया इतिहास लिख दिया है। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में हुए भव्य समारोह में आज एनडीए ने अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया। एनडीए शासित सभी राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम आज नीतीश कुमार और उनके मंत्रीमंडल के शपथ ग्रहण के गवाह बने। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री और नेता भी गांधी मैदान में मौजूद रहे। पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने मंच से जनता को धन्यवाद भी दिया। अब बिहार में विपक्षी दल राजद के नेता तेजस्वी यादव ने भी सीएम नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण पर बयान दिया है। आइए जानते हैं कि तेजस्वी ने क्या कहा। तेजस्वी यादव ने कहा- “आदरणीय नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।”

पीएम मोदी ने लहराया गमछाशपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे पीएम मोदी ने एक बार फिर ऐतिहासिक जीत और एनडीए को बंपर सीटें जिताने के लिए जनता का धन्यवाद किया। चारों दिशाओं में घूम घूमकर पीएम मोदी ने जनता का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने मंच से गमछा लहराकर जश्न मनाया और बिहार की जनता का अभिवादन किया। अमित शाह, जेपी नड्डा, चंद्रबाबू नायडू समेत विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, केंद्रीय मंत्री और अन्य दिग्गज नेता आदि भी इस समारोह का हिस्सा बने।नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत कई अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है। PTI के मुताबिक, मंत्रिपरिषद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जहां 14 मंत्री शामिल किए गए हैं, वहीं जदयू को आठ मंत्री पद मिले हैं। इसके अलावा लोजपा (रामविलास) को दो तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को एक-एक मंत्री पद मिला है।

Exit mobile version