Blog

स्वीकार करना चाहिए कोर्ट का फैसला,केजरीवाल के बरी होने पर समर्थन में बोले अन्ना हजारे

स्वीकार करना चाहिए कोर्ट का फैसला,केजरीवाल के बरी होने पर समर्थन में बोले अन्ना हजारे
  • PublishedFebruary 28, 2026

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा फैसला दिया। कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को आरोपमुक्त कर दिया है। कथित शराब घोटाला मामले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक नजर आए। उन्होंने कोर्ट के जजों का धन्यवाद किया। वहीं एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। वहीं अरविंद केजरीवाल को लेकर कोर्ट के इस फैसले पर समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अन्ना हजारे ने कहा है कि कोर्ट के फैसले को स्वीकार किया जाना चाहिए।

अन्ना हजारे ने कहा, “हमारा देश अपनी न्यायिक और सुरक्षा प्रणालियों की ताकत पर चलता है। विविध दलों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा राष्ट्र होने के बावजूद, न्यायपालिका के कारण ही यह सुचारू रूप से कार्य करता है। इसके बिना अराजकता और अशांति फैल जाएगी। मैंने अरविंद केजरीवाल के बारे में पहले जो भी कहा तब न्यायपालिका का आदेश नहीं आया था, अब न्यायपालिका ने निर्णय दे दिया है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, इसे स्वीकार किया जाना चाहिए।” अरविंद केजरीवाल के द्वारा बीजेपी पर लगाए जा रहे आरोपों पर अन्ना हजारे ने कहा कि ये उनका मामला है, इससे मेरे कोई लेना-देना नहीं है। अन्ना हजारे से जब पूछा गया कि अरविंद केजरीवाल के लिए अब वह क्या संदेश देना चाहते हैं, इस पर अन्ना हजारे ने कहा, “समाज और देश के भले के लिए जो कुछ कर सकते हो करते रहो। खुद के बारे में, सरकार के बारे में, पार्टी के बारे में मत सोचो, समाज की भलाई पर ध्यान दो। देश को आगे बढ़ाओ। देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने बहुत बड़ी कुर्बानी दी, उसे याद रखना।” अन्ना हजारे ने कहा कि पार्टी और विरोधियों के बीच क्या हो रहा है, इसके बारे में मैं कुछ नहीं बोलना चाहता हूं।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *