जंगलराज वाले लोगों को काम अच्छा नहीं लग रहा,लालू-राबड़ी पर नीतीश के नेता का बड़ा हमला
बिहार में बजट सत्र चल रहा है. इस दौरान सत्ताधारी दल और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के नेता ने लालू-राबड़ी के शासनकाल का जिक्र करते हुए जंगलराज पर निशाना साधा. बिहार विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में जेडीयू के विधायक श्याम रजक ने कहा कि जंगल का जो जानवर है उसको अगर शहर में ले आइएगा तो मन नहीं लगेगा. जंगल में ही उसको मन लगेगा.श्याम रजक ने आगे कहा, “जो जंगलराज के लोग थे उनको ये (एनडीए शासन का) राज शोभा नहीं देगा, क्योंकि यहां अमन चैन है. सब कुछ है. घटनाएं होती हैं तो उस पर कार्रवाई भी होती है, अपराधी पकड़े भी जाते हैं, सजा भी होती है, लेकिन जंगलराज वाले लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है क्योंकि जंगल का जो जानवर होता है वो जंगल में ही शोभा देता है.हत्या और लूट जैसी घटनाओं से जुड़े सवाल पर श्याम रजक ने जवाब देते हुए कहा, “हर दिन नहीं हो रही है. मैं ये नहीं कह रहा कि घटनाएं नहीं हुई हैं, घटनाएं हुई हैं और ये हम लोगों के लिए चिंता का विषय है. सरकार, प्रशासन, पुलिस सक्रियता के साथ लगी हुई है.” इस सवाल पर कि विपक्ष का कहना है कि 2005 से पहले भी घटनाएं होती थीं तो गिरफ्तारी होती थी और कार्रवाई होती थी तो वो कैसे जंगलराज हो गया? इसका मतलब अभी भी तो जंगलराज है?

इस पर श्याम रजक ने कहा, “मैं उदाहण दूं कि कितने लोगों की गिरफ्तारी होती थी? मैं भी उसका अंग रहा हूं… मुझे वो लोग नहीं बताएं कि गिरफ्तारी होती थी और लोग पकड़े जाते थे. सारे लोग तो अगल-बगल बैठे होते थे. नाम लूंगा तो दूसरा बवाल हो जाएगा. अब्दुल बारी सिद्दीकी अच्छे आदमी हैं. मैं उनके बारे में नहीं कह रहा हूं, लेकिन उस राज (आरजेडी) में क्या-क्या नहीं होता था, जानकारी ले लीजिए कि कौन लोग राज चलाते थे.”