ट्रंप का बड़ा बयान आया सामने,जल्द खत्म होगा ईरान से मतभेद!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इस्राइल का युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और यह एक अल्पकालिक सैन्य अभियान साबित हो सकता है। उन्होंने अमेरिका के फ्लोरिडा के डोरल में रिपब्लिकन कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की। ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध में ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना, संचार व्यवस्था और वायुसेना लगभग खत्म हो चुकी है। ट्रंप के अनुसार अमेरिकी सेना अपनी शुरुआती योजना से काफी आगे निकल चुकी है और अभियान को समाप्त करने के लिए तय चार से पांच सप्ताह की समयसीमा से भी तेज गति से कार्रवाई आगे बढ़ रही है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और उसके सहयोगी होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को होने वाले खतरे को खत्म करने के बहुत करीब पहुंच चुके हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान और उसके समर्थित समूहों की ओर से जहाजों को जो खतरा था, उसे खत्म करने के लिए यह सैन्य कार्रवाई जरूरी थी। उन्होंने कहा कि यह अभियान जल्द ही पूरा हो सकता है और इससे वैश्विक तेल बाजार को राहत मिलेगी। ट्रंप के अनुसार अमेरिका खाड़ी क्षेत्र में चलने वाले तेल टैंकरों को राजनीतिक जोखिम बीमा भी दे रहा है और जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षा के लिए साथ चल सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान अमेरिकी सुरक्षा में चल रहे जहाजों पर हमला करता है तो उसके परिणाम बेहद गंभीर होंगे।

ईरान की राजधानी तेहरान में हाल के दिनों की सबसे तीव्र हवाई बमबारी देखी गई है। लगातार कई घंटों तक जोरदार धमाकों से शहर दहल उठा और कई इलाकों में खिड़कियां तक हिल गईं। तेहरान के पूर्वी हिस्सों में वायु रक्षा प्रणाली भी सक्रिय रही और आसमान में लगातार चमक दिखाई दी। इसी दौरान करज, तबरीज और इस्फहान में भी बड़े धमाकों की खबरें सामने आई हैं। इस्फहान में गवर्नर कार्यालय और एक प्राचीन शाही महल को निशाना बनाए जाने की सूचना है। कुछ रिपोर्टों में परमाणु ठिकानों के पास विस्फोट की आशंका भी जताई गई है। वहीं ईरानी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘प्रॉमिस्ड ऑपरेशन’ की 33वीं लहर शुरू करने और इस्राइल पर भारी मिसाइलों से हमले का दावा किया है।इराक के एक सशस्त्र समूह सराया औलिया अल-दाम ने बगदाद एयरपोर्ट पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी बयान में दावा किया कि उसने ड्रोन के जरिए बगदाद एयरपोर्ट स्थित विक्टोरिया सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया। हाल के दिनों में इराक में ऐसे हमलों की संख्या बढ़ी है। पिछले सप्ताह उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र एरबिल में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने और एक होटल को भी दो ड्रोन से निशाना बनाया गया था। इससे पहले सुलैमानियाह में भी एक इमारत पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसमें आग लगने की तस्वीरें सामने आई थीं।इस्राइल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने बताया कि लेबनान सीमा के पास हुए एक हमले में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि शुक्रवार को सीमा पर तैनात सैनिकों पर मोर्टार दागा गया था, जिसमें आठ इस्राइली सैनिक घायल हुए। घायलों में उनका बेटा बेन्या हेब्रोन भी शामिल है। स्मोट्रिच के अनुसार हमले में छर्रे उसके शरीर में घुस गए और पीठ तथा पेट को गंभीर नुकसान पहुंचा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि एक छर्रा उसके जिगर को चीरते हुए पेट की बड़ी रक्त वाहिका के पास जा फंसा। अगर वह नस क्षतिग्रस्त हो जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

Exit mobile version