केरल, असम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. केरल में 140, असम में 126 और पुडुचेरीमें 30 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होनी है. केरल में 2.71 करोड़ मतदाता 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. इसमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 ट्रांसजेंडर वोटर हैं. असम में कुल 2.50 करोड़ मतदाता हैं, जो कि 31,490 पोलिंग स्टेशनों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतों की गिनती 4 मई को होगी.बात करें केरल की तो यहां मुकाबला (CPI-M) की अगुवाई वाले एलडीएफ, कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ और बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के बीच है.

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में वोटिंग के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. चुनाव मैदान में 294 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. यहां बीजेपी की अगुवाई वाले सत्तारुढ़ NDA और कांग्रेस की अगुवाई वाले INDIA गठबंधन के बीच लड़ाई है।केरलम, असम और पुडुचेरी में आज वोटिंग चल रही है. पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए लोगों से वोटिंग करने की अपील की है. उन्होंने तीनों राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के लिए अलग-अलग पोस्ट किए. अपने एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “मैं केरलम के लोगों से अपील करता हूं कि वे 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में वोट डालें. रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी से केरलम की लोकतांत्रिक भावना को और मजबूती मिलेगी. मैं खासतौर से राज्य के युवाओं और महिलाओं से अनुरोध करता हूं कि वे आगे आएँ और बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें.”