226 से ज्यादा सीटें जीतेंगे,चुनाव परिणाम से पहले ममता बनर्जी ने किया दावा

पश्चिम बंगाल में चुनाव का रिजल्ट आने से पहले ममता बनर्जी ने बड़ा दावा कर दिया है। सीएम ममता ने कहा है कि टीएमसी बंगाल में सरकार बनाएगी और 226 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी।पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न करा लिए गए हैं। राज्य में पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं, 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर वोटिंग कराई गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दोनों ही चरण में 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है जो कि एक रिकॉर्ड है। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद सामने आए करीब-करीब सभी एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाई जा रही है और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पिछड़ती हुई दिख रही। हालांकि, आज गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने वीडियो संदेश जारी किया है और चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा दावा कर दिया है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा बयान जारी किया है। काउंटिंग से पहले वीडियो संदेश जारी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा है कि TMC 2026 के चुनाव में 226 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में मां-माटी-मानुष की सरकार बनाने वाले हैं। ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने अपनी पूरी मशीनरी लगा दी लेकिन जीत हमारी होगी। उन्होंने कहा कि 19 राज्यों से भाजपा के नेता बंगाल की जनता को डराने आए थे।चुनाव के बाद सामने आए लगभग सभी एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी के सत्ता में आने के संकेत मिल रहे हैं। मैटेराइज की ओर से जारी किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा पश्चिम बंगाल में 146 से 161 सीट जीतकर सरकार बना सकती है। वहीं, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस चुनाव में 125 से 140 सीट पर सिमट सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

Exit mobile version