बिहार में जमकर हो रहा बंगला पॉलिटिक्स,मांझी-कुशवाहा-नीतीश कुमार-निशांत को क्यों मिला है सरकारी आवास?
बिहार में बंगला पर सियासत थम नहीं रहा है. विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने और 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किए जाने के बाद आरजेडी सम्राट चौधरी की सरकार पर हमलावर है. आज राजद के वरिष्ठ नेताओं ने सत्ता पक्ष के नेताओं को मनमानी ढंग से बंगला देने का आरोप लगाया. जिसका बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने एक-एक कर जवाब दिया. भवन निर्माण मंत्री ने एक-एक कर सरकारी आदेश भी दिखाया.राजद नेताओं की तरफ से मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में पांच देश रत्न मार्ग जोड़ने को लेकर सम्राट चौधरी पर निशाना साधा गया. इस पर लेसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में कार्यालय भी है और आवासन भी है. सम्राट चौधरी पहले उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास गृह विभाग भी था उसके तहत बिहार की समृद्धि और सुशासन के कई कार्यक्रम चल रहे थे, जिसका पूरा सेटअप 5 देश रत्न मार्ग में था. इसलिए उसे तुरंत वहां से हटाना संभव नहीं था. इसलिए अस्थाई तौर पर मुख्यमंत्री आवास के साथ पांच देश रत्न मार्ग को भी अटैच किया गया है. राजद नेताओं का आरोप बेबुनियाद है.राजद नेताओं की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सात सर्कुलर बंगला दिए जाने पर सवाल खड़ा किया गया है. इस पर भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा जो उनका प्रोटोकॉल है जेड प्लस की सुरक्षा उन्हें मिली हुई है उस हिसाब से ही उन्हें सात सर्कुलर रोड का बंगला आवंटित किया गया है.राजद नेताओं की तरफ से जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को भी आवास दिए जाने पर सवाल उठाया गया था. इस पर भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा आवास संख्या 11 स्टैंड रोड संजय सिंह उर्फ संजय गांधी के नाम से आवंटित है. जो बिहार विधान परिषद के सदस्य सह मुख्य सचेतक सत्ता पक्ष हैं.राजद नेताओं की तरफ से केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को आवास दिए जाने पर सवाल उठाया गया था. इसपर मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि 12 स्टैंड रोड ज्योति देवी के नाम से आवंटित है. अब उस आवास को खाली करने का भी निर्देश दिया गया है.राजद के तरफ से उपेंद्र कुशवाहा को आवास दिए जाने पर भी सवाल खड़ा किया गया.

जिस पर भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि राज्यसभा के सदस्य बनने के बाद उपेंद्र कुशवाहा अप्रैल में इस बंगला का किराया दिया है. लेसी सिंह ने सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को लेकर भी सफाई दी. कहा कि उन्हें जो आवास दिया गया है उसका नियम के तहत वे किराया दे रहे हैं.विधानसभा अध्यक्ष का आवास स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को दिए जाने पर भी सफाई देते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का ही आदेश था और विधानसभा के अध्यक्ष का आदेश सर्वोपरि होता है. मंत्री के रूप में जिस आवास में रहते थे उसी आवास में रहना चाहते थे इसलिए विधानसभा अध्यक्ष का आवास स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को दिया गया है.किसान आयोग के अध्यक्ष को आवास दिए जाने पर लेसी सिंह ने कहा कि अध्यक्ष के नाते उन्हें आवास आवंटित किया गया है. लेसी सिंह ने साफ कहा कि जो सरकारी नियम प्रावधान है उसी के तहत आवास दिए जा रहे हैं. जो सांसद बन गए हैं जिन्होंने आवास नहीं छोड़ा है नियम के तहत ही किराया दे रहे हैं, कहीं से कोई पक्षपात नहीं किया जा रहा है. राबड़ी देवी को भी नियम के तहत ही आवास आवंटित किया गया है. नियम के तहत ही आवास खाली कराया जा रहा है.