Blog

सपा के राज में सड़क पर नहीं निकलती थीं बेटियां,सीएम योगी ने अखिलेश पर किया पलटवार

सपा के राज में सड़क पर नहीं निकलती थीं बेटियां,सीएम योगी ने अखिलेश पर किया पलटवार
  • PublishedJanuary 24, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। सीएम योगी जैसे ही मंच पर पहुंचे जय श्रीराम के नारे लगे। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का प्रारंभ महाकुंभ का जिक्र कर किया। कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि यह महाकुंभ 144 साल बाद हो रहा है। दो दिन पहले यूपी सरकार की पूरी कैबिनेट और मैंने खुद महाकुंभ में स्नान का सौभाग्य प्राप्त किया।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बीते 10 दिन में महाकुंभ में 10 करोड़ लोगों ने बिना किसी भेदभाव के स्नान किया। देश में जातिवाद को परिवारवादियों ने सत्ता बचाये रखने के लिए बढ़ावा दिया।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ महाकुंभ में करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ सपा के लोग महाकुंभ के बारे में दुष्प्रचार कर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन लोगों ने एक साल पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भी विरोध किया था। ये वही सपा के लोग हैं जिन्होंने सरयू के जल को रामभक्तों के खून से लाल कर दिया था। ये परिवारवादी लोग जातिवाद के नाम पर समाज को तोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं विकासवाद और राष्ट्रवाद है।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मिल्कीपुर में विकास की उपलब्धियों को आगे पहुंचाना है। इसके लिए जरूरी है कि यहां के सपूत चंद्रभानु पासवान को जिताकर भेजें जिससे विकास का लाभ जन-जन को मिले। कुमारगंज का कृषि विश्वविद्यालय आचार्य नरेंद्र देव जी के नाम पर है और एक और विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भी इस इलाके का नाम हैरिंगटनगंज है। यहां का नाम किसी स्वामी रामदेव के नाम पर या फिर विष्णु नगर क्यों नहीं हो सकता है। हम गुलामी की मानसिकता लेकर कब तक आगे बढ़ते रहेंगे। हम तो राम की परंपरा पर विश्वास करने वाले हैं। हम कृष्ण की परंपरा पर विश्वास करने वाले हैं। हम बाबा विश्वनाथ और में सरयू मैया पर विश्वास करने वाले लोग हैं। सपा का वश चलता तो अयोध्या नाम को भी खत्म कर दिया जाता।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। व्यापारी सुरक्षित महसूस करते हैं। सपा की सरकार में बेटियां सड़क पर नहीं निकल सकती थीं। व्यापारियों को लूट लिया जाता था। लोगों की संपत्ति पर भूमाफिया कब्जा कर लेते थे और जो जितना बड़ा डकैत उसे उतना बड़ा ओहदा दिया जाता था पर अब माफियाओं को जहन्नुम भेजा जा रहा है। अयोध्या का विकास हो रहा है। आज अयोध्या के लोग दुनिया में कहीं पर भी जाते हैं तो उनका सम्मान किया जाता है। सपा की सरकार में राम की पैड़ी पर जल सड़ता रहता था पर अब लाखों लोग आकर वहां पर डुबकी लगा रहे हैं। अयोध्या को पुराना गौरव प्राप्त हो रहा है।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *