बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर ICC ने लगाया भारी जुर्माना,जानिए आखिर क्यों?
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज चल रही है. ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में दूसरे वनडे मुकाबले का आयोजन किया गया था. पहला मैच हारने के बाद बांग्लादेश ने इस मुकाबले में जीत दर्ज करके शानदार कमबैक किया है लेकिन ICC ने अब उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया. मैच के दौरान बांग्लादेश की टीम से बड़ी गलती हो गई और इसी कारण अब उन पर भारी जुर्माना ठोका गया है.आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने बांग्लादेश पर 10 प्रतिशत मैच फीस का फाइन लगाया है. मेहदी हसन मिराज की टीम ओवर खत्म करने के निर्धारित समय से पीछे थी. वो दो ओवर पीछे रह गए और ICC कोड ऑफ कंडक्ट के नियमों के अनुसार अगर कोई टीम निर्धारित समय सीमा से एक ओवर पीछे रह जाती है, तो 5 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगता है.

बांग्लादेश की टीम दो ओवर पीछे थी और इसी कारण उन पर 10 प्रतिशत फाइन लगा है.बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन ने अपनी गलती स्वीकार की और जुर्माने को स्वीकार किया. आधिकारिक बयान के हिसाब से उन्हें इस मामले में ICC के समक्ष किसी भी सुनवाई की जरूरत नहीं होगी. ऑन फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और गाजी सोहेल, तीसरे अंपायर नितिन मेनन और चौथे अंपायर मासुदुर रहमान मुकुल ने इस मामले को मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचाया था.न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला जीता था. ढाका में हुए दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 198 रन बनाकर ऑलआउट हो गए. नाहिद राणा ने 5 विकेट अपने नाम किए. न्यूजीलैंड की ओर से निक कैली ने 83 रन की शानदार पारी खेली. जवाब में बांग्लादेश की टीम ने 35.3 ओवरों में 199 रन का लक्ष्य 6 विकेट रहते चेज कर लिया. तंजीद हसन तमीम ने 76 रन और नजमुल हुसैन शान्तो ने 50 रन जड़े.