नवरात्रि के पांचवें दिन आज मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता की आराधना का संबंध सुख-समृद्धि और संतान सुख की कामना से भी जुड़ा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मां स्कंदमाता का नाम कैसे पड़ा और उनकी गोद में बालक कार्तिकेय क्यों विराजमान रहते हैं? इस दिन पूजा के दौरान किन रंगों के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है और मां को कौन सा भोग अर्पित करना चाहिए? आइए जानते हैं.पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान स्कंद की माता होने के कारण माता पार्वती को स्कंदमाता कहा जाता है. भगवान स्कंद को भगवान कार्तिकेय के नाम से भी जाना जाता है. उन्हें देवताओं की सेना का सेनापति माना जाता है. भगवान कार्तिकेय भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र तथा भगवान गणेश के भाई हैं. मां स्कंदमाता का स्वरूप मां की ममता और शक्ति को दर्शाता है. उनकी गोद में बालक कार्तिकेय विराजमान रहते हैं. यही कारण है कि देवी के इस स्वरूप को मातृत्व और संतान के प्रति प्रेम से जोड़कर देखा जाता है. नवरात्रि के पांचवें दिन मां की पूजा करते समय भक्त अपने परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के कल्याण की प्रार्थना करते हैं।मां स्कंदमाता को चार भुजाओं वाली देवी के रूप में दर्शाया जाता है. उनकी ऊपरी दोनों भुजाओं में कमल के फूल होते हैं. एक हाथ में वह बालक स्कंद यानी भगवान कार्तिकेय को धारण करती हैं, जबकि दूसरा हाथ अभय मुद्रा में रहता है. अभय मुद्रा को भय से मुक्ति और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है.देवी को सिंह पर सवार दिखाया जाता है. कुछ चित्रों में वह कमल के आसन पर विराजमान दिखाई देती हैं. कमल पर विराजमान होने के कारण उन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है. उनका यह स्वरूप शक्ति, साहस, ममता और करुणा का संदेश देता है।मां स्कंदमाता को भगवान कार्तिकेय की माता के रूप में पूजा जाता है. इसी वजह से धार्मिक मान्यताओं में उनके स्वरूप को मातृत्व और संतान से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि संतान सुख की कामना करने वाले भक्त नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा करके उनका आशीर्वाद मांगते हैं।
मां स्कंदमाता को पीला और सफेद रंग क्यों प्रिय है?
पीला रंग: पीले रंग को प्रसन्नता, सकारात्मकता, ऊर्जा और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है. मां स्कंदमाता की पूजा के दौरान पीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है. यह रंग उत्साह और नई ऊर्जा का भी प्रतीक है।
सफेद रंग: सफेद रंग शांति, पवित्रता और सादगी का प्रतीक है. मां स्कंदमाता को कमल पर विराजमान होने के कारण पद्मासना कहा जाता है. कमल और सफेद रंग को पवित्रता से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए पूजा के दौरान सफेद वस्त्र पहनना भी शुभ माना जाता है।
मां स्कंदमाता की पूजा विधि:
नवरात्रि के पांचवें दिन स्नान करन के बाद मां स्कंदमाता की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. देवी के सामने दीपक जलाएं और उन्हें फूल, अक्षत, फल तथा अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग अर्पित करें.इसके बाद मां के मंत्र का जाप करें और धूप-दीप से आरती करें. पूजा करते समय मन को शांत रखें और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करें. संतान सुख की कामना करने वाले भक्त भी अपनी श्रद्धा के अनुसार मां के सामने प्रार्थना कर सकते हैं. पूजा के अंत में मां से सुख, शांति और परिवार के कल्याण का आशीर्वाद मांगें।
मां स्कंदमाता का मंत्र:
नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा में इस मंत्र का जाप किया जाता है:
ॐ देवी स्कन्दमात्रे नमः॥

मां स्कंदमाता को किस चीज का भोग लगाएं?
मां स्कंदमाता की पूजा में केला, अन्य मौसमी फल और सात्विक मिठाई अर्पित की जा सकती है. कई भक्त देवी को केले का भोग लगाना शुभ मानते हैं. इसके अलावा घर में शुद्धता के साथ तैयार की गई खीर या अन्य मिठाई भी चढ़ाई जा सकती है।
स्कंदमाता को प्रसन्न करने का मंत्र:
ॐ देवी स्कन्दमातायै नमः
सिंहासनगता नित्यं पद्माञ्चित करद्वया। शुभदास्तु सदा देवी स्कन्दमाता यशस्विनी।
या देवी सर्वभूतेषु मां स्कन्दमाता रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।
दे वाञ्छित कामार्थे चन्द्रार्धकृतशेखराम्। सिंहरूढ़ा चतुर्भुजा स्कन्दमाता यशस्विनीम्।
मां स्कंदमाता की आरती:
जय तेरी हो स्कंद माता.पांचवां नाम तुम्हारा आता.
सबके मन की जानन हारी.जग जननी सबकी महतारी.
तेरी जोत जलाता रहू मैं.हरदम तुझे ध्याता रहू मै.
कई नामों से तुझे पुकारा.मुझे एक है तेरा सहारा.
कही पहाडो पर है डेरा.कई शहरों में तेरा बसेरा.
हर मंदिर में तेरे नजारे.गुण गाए तेरे भक्त प्यारे.
भक्ति अपनी मुझे दिला दो.शक्ति मेरी बिगड़ी बना दो.
इंद्र आदि देवता मिल सारे.करे पुकार तुम्हारे द्वारे.
दुष्ट दैत्य जब चढ़ कर आए.तू ही खंडा हाथ उठाए.
दासों को सदा बचाने आयी.भक्त की आस पुजाने आयी.
मां स्कंदमाता की व्रत कथा:
शास्त्रों के अनुसार, प्राचीन काल में धरती पर तारकासुर नाम का एक शक्तिशाली राक्षस रहता था. अपनी असाधारण शक्ति और इच्छाओं को पूरा करने के लिए उसने भगवान ब्रह्मा की कठोर तपस्या की. उसकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी ने उससे वरदान मांगने को कहा.तारकासुर ने भगवान ब्रह्मा से अमरता का वरदान मांगा. ब्रह्मा जी ने उसे समझाया कि इस संसार में कोई भी अमर नहीं हो सकता और कोई अन्य वरदान मांगो. यह सुनकर तारकासुर थोड़ी निराश हुआ, लेकिन चतुराई दिखाते हुए उसने योजना बनाई. उसे ज्ञात था कि भगवान शिव कभी विवाह नहीं करेंगे और उनकी कोई संतान नहीं होगी.इस विचार के आधार पर, तारकासुर ने ब्रह्मा जी से विशेष वरदान मांगा कि उसकी मृत्यु केवल भगवान शिव के पुत्र के हाथों ही हो. ब्रह्मा जी ने उसे यह वरदान दे दिया.वरदान मिलने के बाद तारकासुर का अहंकार और बढ़ गया. उसे लगने लगा कि अब कोई उसे नहीं मार सकता. उसने तीनों लोकों में आतंक फैलाना शुरू कर दिया और देवताओं, ऋषियों तथा मनुष्यों पर अत्याचार करने लगा. वह इतना शक्तिशाली हो गया कि स्वर्गलोक से देवराज इंद्र को भी पराजित कर दिया और खुद को तीनों लोकों का स्वामी घोषित कर दिया.तारकासुर के अत्याचार से परेशान होकर सभी देवता भगवान विष्णु के पास मदद मांगने गए. भगवान विष्णु ने उन्हें बताया कि तारकासुर को केवल भगवान शिव का पुत्र ही मार सकता है.देवताओं ने मिलकर भगवान शिव से प्रार्थना की. भगवान शिव ने देवताओं की बात और संसार की दुर्दशा देखकर माता पार्वती से विवाह करने का निर्णय लिया. इसके बाद, भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ और उनके यहाँ एक तेजस्वी पुत्र का जन्म हुआ, जिसे कार्तिकेय या स्कंद कुमार के नाम से जाना गया।