रौशन सर ने खान सर पर लगा दिया गंभीर आरोप,मेरे भाई को उन्होंने हीं दुनिया से खत्म कराया
रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा है. उन्होंने सीधे तौर पर खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आर.एस. प्रसाद पर आरोप लगाए.रौशन आनंद ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो. रौशन आनंद ने फैजल खान उर्फ खान सर पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि फैजल खान लगातार अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जो कि उन्हें शक के घेरे में डालता है.रौशन आनंद का आरोप है कि पहले गोलीबारी की घटना को लेकर अलग बातें कही गईं और बाद में वीडियो सामने आने के बाद कहानी बदल दी गई. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच होने पर कई तथ्य सामने आएंगे.दरअसल, रविवार को नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव पर चोट के कुछ निशान होने की बात भी सामने आई है. हालांकि मौत के कारणों को लेकर अब तक आधिकारिक रूप से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.मामला काफी संदिग्ध है ऐसे में नेपाल पुलिस फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है और सख्त जांच कर रही है.

प्रिंस यादव का नाम भी 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद दर्ज एफआईआर में आरोपियों के रूप में शामिल था.रौशन आनंद को 3 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. करीब 12 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिली. उनके अधिवक्ता रमाकांत शर्मा ने बताया कि सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों को नसीहत देते हुए कहा कि ”वे शिक्षक हैं और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, न कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना चाहिए. अदालत ने कहा कि गुरु का आचरण गुरु जैसा ही होना चाहिए.”जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद सीधे अपने गृह जिले सहरसा के लिए रवाना हो गए, जहां उनके भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार किया जाना है. इस बीच कोचिंग विवाद, पथराव कांड और प्रिंस यादव की मौत को लेकर सियासी और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है. अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की कार्रवाई और आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इस पूरे विवाद और मौत के मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके.