पश्चिम बंगाल में TMC की बनने जा रही है सरकार,वोट डालने के बाद बोलीं महुआ मोइत्रा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आज फाइनल राउंड की बारी है। दूसरे चरण में 7 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 1448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनकी किस्मत का फैसला 3 करोड़ 22 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे। दूसरे चरण में आज बंगाल की जिन 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें कोलकाता, इंडस्ट्रियल बेल्ट और दक्षिण बंगाल के घनी आबादी वाले इलाके शामिल हैं। इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 2,343 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया। इसके साथ ही 300 से ज्यादा ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की जिन 142 सीटों पर हो रही है, 2021 के चुनाव में इनमें से बीजेपी ने सिर्फ 18 सीटें जीती थी जबकि टीएमसी ने 123 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता की हैट्रिक लगाई थी।दूसरे चरण में सीएम ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से मैदान में हैं। आज जिन 142 सीटों पर वोटिंग है। ये इलाका ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ है तो वहीं बीजेपी की 5 साल की सियासी प्रयोगशाला भी है। ऐसे में दूसरे फेज में बीजेपी और टीएमसी के बीच आर-पार की लड़ाई है जो इस इलाके में जीतने में कामयाब रहेगा, उसी का बंगाल में राज होगा।टीएमसी की तेज़ तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा ने भी सुबह सुबह नादिया में वोट डाला है। वोट डालने के साथ ही महुआ मोइत्रा ने दावा किया है कि इस बार फिर से पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार बनेगी। वहीं, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ऑब्जर्वर लोगों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऑब्जर्वर घर-घर जाकर परेशान वोटरों को परेशान कर रहे हैं, जनता इसका जवाब देगी। 4 मई को टीएमसी की चौथी बार सरकार बनने जा रही है।TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मित्रा संस्थान में अपना वोट डाला। वहीं, बंगाल में भाजपा के क्लीन स्वीप के दावों पर बनर्जी ने कहा, “उन्होंने 2021 में ऐसा कहा था। आप जाकर उनसे पूछिए।

आपने कहा था कि हर बार भाजपा क्लीन स्वीप करेगी। लेकिन जब भी नंबर सामने आए या चुनाव के नतीजे आए, तो उल्टा हुआ। इसलिए यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप जाकर भाजपा नेताओं से पूछें कि हर बार जब उन्होंने कुछ भविष्यवाणी की है, तो आखिरकार वह TMC के पक्ष में ही गई है। अमित शाह ने कहा था कि उन्हें 2021 में 200 सीटें मिलेंगी लेकिन TMC 200 सीटों को पार कर गई। उन्होंने कहा था कि उन्हें लोकसभा में बंगाल में 30 सीटें मिलेंगी, TMC को 29 सीटें मिलीं। इस बार वे 177 कह रहे हैं, इसलिए उनके ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से वे 50 से नीचे चले जाएंगे।”भवानीपुर में सीएम ममता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं। ममता कैबिनेट के आठ मंत्री भी आज मैदान में है। नोआपाड़ा से बीजेपी के अर्जुन सिंह और फाल्ता सीट से टीएमसी के जहांगीर खान पर भी नजर रहेगी। इनके अलावा स्वपन दासगुप्ता, रासबिहारी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, दीप्शिता धर, मीनाक्षी मुखर्जी, अधीर रंजन चौधरी, फिरहाद हकीम, तापस रॉय, अरूप विश्वास, शूभंकर सरकार, कलतान दासगुप्ता समेत कई और चर्चित चेहरों के भाग्य का फैसला EVM में कैद होगा।