शांतिपूर्ण माहौल में मतदान की प्रक्रिया जारी,बांकीपुर उपचुनाव में सुबह से दिख रहा वोटरों का हुजूम
बिहार की राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है. चुनाव मैदान में कुल 25 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता करेंगे. इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता और एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के बीच माना जा रहा है.बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट की अपील की. उन्होंने लिखा, आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी. मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं एवं मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें.

याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान.पटना वूमेंस कॉलेज में सात मतदान केंद्र हैं. बूथ संख्या 90 से लेकर बूथ संख्या 96 तक मतदान केंद्र हैं. सुबह मतदाताओं की लंबी कतार नहीं दिख रही है. मौसम सुहाना है. इक्के दुक्के संख्या में मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंच रहे हैं.बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने पार्टी की एकतरफा जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा यहां प्रचंड विजय की ओर बढ़ रही है. उन्होंने मतदाताओं, विशेषकर युवाओं में दिख रहे भारी उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि कल संसद में एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित होने के बाद देश भर के युवा एक बार फिर भाजपा के पक्ष में उसी तरह गोलबंद हो गए हैं, जैसे वे हमेशा से रहे हैं।