मां ब्रह्मचारिणी की इस मंत्र और आरती से आज करें पूजा,नवरात्र का आज है दूसरा दिन
आज यानी 12 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र का दूसरा दिन है। यह दिन मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार,मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना करने से भक्त के मन को शांति प्राप्त होती है और जीवन में शुभ परिणाम मिलते हैं। साथ ही जीवन की अनेक समस्याओं से छुटकारा मिलता है। ऐसे में आइए, इस आर्टिकल में हम आपको मां ब्रह्मचारिणी की पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और कथा आदि के बारे में बताते हैं।
मां ब्रह्मचारिणी कथा:
पौराणिक कथाओं के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी ने हिमालयराज के घर जन्म लिया था। उन्होंने नारद मुनि के उपदेश पर भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसी कठिन तपस्या की वजह से उनका नाम ब्रह्मचारिणी पड़ा। तपस्या के दौरान देवी ने लंबे समय तक केवल जमीन पर गिरे हुए बिल्व पत्र खाकर जीवन व्यतीत किया। उन्होंने हर प्रकार के कष्ट सहकर महादेव की आराधना की। कुछ समय बाद उन्होंने बिल्व पत्र खाना भी त्याग दिया। इसके बाद मां ब्रह्मचारिणी ने निर्जल व निराहार रहकर घोर तपस्या की। इस तपस्या के कारण उनका शरीर अत्यंत क्षीण हो गया। देवी की इस कठिन तपस्या को देखकर देवताओं, ऋषियों, सिद्धगणों और मुनियों ने उन्हें प्रणाम किया और कहा कि आपको इस कठिन तपस्या का फल अवश्य मिलेगा और भगवान शिव आपको पति के रूप में प्राप्त होंगे।

मां ब्रह्मचारिणी स्तुति मंत्र:
या देवी सर्वभूतेषु मां ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥
मां ब्रह्मचारिणी बीज मंत्र:
ब्रह्मचारिणी: ह्रीं श्री अम्बिकायै नम:।
मां ब्रह्मचारिणी पूजा मंत्र:
- ब्रह्मचारयितुम शीलम यस्या सा ब्रह्मचारिणी।
सच्चीदानन्द सुशीला च विश्वरूपा नमोस्तुते।।
- ओम देवी ब्रह्मचारिण्यै नमः॥
मां ब्रह्मचारिणी की आरती:
जय अंबे ब्रह्माचारिणी माता।
जय चतुरानन प्रिय सुख दाता।
ब्रह्मा जी के मन भाती हो।
ज्ञान सभी को सिखलाती हो।
ब्रह्मा मंत्र है जाप तुम्हारा।
जिसको जपे सकल संसारा।
जय गायत्री वेद की माता।
जो मन निस दिन तुम्हें ध्याता।
कमी कोई रहने न पाए।
कोई भी दुख सहने न पाए।
उसकी विरति रहे ठिकाने।
जो तेरी महिमा को जाने।
रुद्राक्ष की माला ले कर।
जपे जो मंत्र श्रद्धा दे कर।
आलस छोड़ करे गुणगाना।
मां तुम उसको सुख पहुंचाना।
ब्रह्माचारिणी तेरो नाम।
पूर्ण करो सब मेरे काम।
भक्त तेरे चरणों का पुजारी।
रखना लाज मेरी महतारी।