Blog

पहली बार बड़े पर्दे पर दिखी छठ की आस्था,‘छठी मैया’ की गीत में नजर आईं तमन्ना भाटिया

पहली बार बड़े पर्दे पर दिखी छठ की आस्था,‘छठी मैया’ की गीत में नजर आईं तमन्ना भाटिया
  • PublishedSeptember 11, 2026

बिहार की समृद्ध संस्कृति और लोक आस्था का महापर्व छठ अब हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर एक नए और भव्य अंदाज में नजर आने वाला है। फिल्म ‘द व्वान’ का नया गाना ‘छठी मैया’ रिलीज हो गया है। खास बात यह है कि हिंदी सिनेमा में पहली बार छठ पूजा को इस तरह बड़े पर्दे पर प्रमुखता से दिखाया गया है। गाने में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया छठ की भक्ति, परंपरा और भावनाओं को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत करती नजर आ रही हैं।गाने में छठ पूजा के साथ बिहार की संस्कृति और वन देवी की शक्ति को भी कहानी से जोड़ा गया है। ‘द व्वान’ एक लोककथा और फैंटेसी पर आधारित फिल्म है, जिसमें रोमांस, रहस्य, रोमांच और हास्य का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। इससे पहले फिल्म के गीत ‘समझो ना’ के जरिए दर्शकों को इसकी प्रेम कहानी की झलक मिली थी। वहीं, ‘छठी मैया’ फिल्म के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पक्ष को सामने लाता है।तमन्ना भाटिया ने कहा कि ‘द व्वान’ का हिस्सा बनना उनके लिए एक खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए पहली बार बड़े पर्दे पर छठ मनाने और बिहार व पटना के गौरव को दिखाने का अवसर मिला है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक भी इस गीत को उसी श्रद्धा और आध्यात्मिक भावना के साथ महसूस करेंगे, जिस भावना के साथ इसे बनाया गया है।गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में गहराई से जुड़ी छठ की पवित्र परंपरा को पहली बार हिंदी सिनेमा तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि भारतीय संस्कृति की खुशबू दुनिया के हर कोने तक पहुंचे और उसे वह प्रेम व सम्मान मिले, जिसकी वह हकदार है। उन्होंने इस गीत को कौशल किशोर और पूरी ‘द व्वान’ टीम की ओर से लोगों को समर्पित एक छोटी-सी भेंट बताया।‘छठी मैया’ को विशाल मिश्रा ने गाया और संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। गीत की कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है। गाना जी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज हुआ है।‘द व्वान’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। इसका निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लोककथा, फैंटेसी, संगीत और भारतीय संस्कृति के मेल के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

Written By
Aagaaz Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *